Lata Mangeshkar Family: जानिए आज कहां और क्या करते हैं लता जी के सारे भाई-बहन

punjabkesari.in Wednesday, Feb 09, 2022 - 12:32 PM (IST)

92 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह गई, भारत रत्न लता मंगेशकर और अपने पीछे छोड़ गई खूबसूरत यादें। अपनी बड़ी बहन को अलविदा तो कहा लेकिन उनके जाने का गम चारों भाई-बहनों के चेहरे पर साफ झलका। लता दीदी अपने परिवार में सबसे बड़ी थी और अपने बड़े होने का फर्ज उन्होंने ताउम्र निभाया। जब घर पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा था तो लता ने अपने छोटे-भाई बहनों पर आंच नहीं आने दी थी। उनकी छोटी बहनें, अपनी बड़ी बहन के बेहद प्यार और सम्मान रखती हैं। लता ने अपने छोटे भाई-बहनों को बखूबी संभाला। अगर वो ना होती शायद आज जहां उनके भाई-बहन हैं वहां ना होते तो चलिए उनके परिवार के सभी सदस्यों के बारे में आपको बताते हैं जो अब कहां क्या करते हैं। बता दें कि अब उनके माता-पिता इस दुनिया में नहीं है।

5 भाई-बहनों में लता जी थी सबसे बड़ी

पांच भाई-बहनों में लता मंगेशकर जी सबसे बड़ी थी। उनका जन्म 28 सितंबर 1929 को मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में हुआ था। उनके पिता दीनानाथ मंगेशकर, शास्त्रीय संगीतज्ञ और रंगमंच के मशहूर कलाकार थे। लता के पिता गोवा के मंगेशी परिवार से ताल्लुक रखते थे। इसी से उन्होंने अपना सरनेम मंगेशकर को लगाना शुरू किया था। उनकी माँ का नाम शिवंती मंगेशकर था जोकि एक हाउसवाइफ थी लेकिन उन्हें भी गाना गाने का काफी शौक था। जन्म के समय लता जी का नाम हेमा रखा गया था लेकिन बाद में उनके पिता के नाटक भवबंधन के किरदार लतिका के नाम से प्रेरित होकर उनका नाम बदलकर लता कर दिया था।

दिल की बीमारी से हुआ पिता का निधन

वर्ष 1942 में दीनानाथ का दिल की बीमारी के चलते देहांत हो गया। उस समय लता सिर्फ 12 साल की थीं। इस उम्र में उन पर कई जिम्मेदारियां आ गई थीं।  पिता के जाने के बाद विनायक दामोदर कर्नाटकी ने लता के परिवार का ख्याल रखा था। वह मंगेशकर परिवार के करीबी दोस्त थे। मास्टर विनायक ने ही लता के सिंगिंग और एक्टिंग करियर को शुरू करने मदद की थी।

12 साल की उम्र में संभाली परिवार की जिम्मेदारी

उनकी छोटी बहन मीना के मुताबिक, बहुत कम उम्र में पिताजी हम सभी छोड़कर चले गए। लता दीदी तब 12 साल की थीं। मैं 10 साल की थी, इसके बाद आशा, उषा और ह्रदयनाथ। पिताजी के जाने के बाद दीदी पर घर का पूरा बोझ आ गया। तब दीदी ने मास्टर विनायकराव कर्नाटकी की कंपनी नवयुग ज्वांइन की थी। लता दी किस तरह हम लोगों की परवरिश कर रही थीं, यह या तो मां जानती थी या फिर दीदी। हम सब बहुत परेशानी में थे। हमें उन्होंने कभी महसूस नहीं होने दिया। 

घर के साथ बाहर की परेशानियों से अकेले लड़ीं

लता दी बचपन में बहुत चंचल थीं। हम लकड़ी की गुड़िया लाते और रंगरोगन करते। देवदास के कैरेक्टर पर नाटक खेलते। हमारा बचपन अच्छा बीता। उन्होंने हम पर कभी अपना हुकुम नहीं चलाया। कभी अपनी मर्जी नहीं थोंपी। दीदी, हम लोगों के खिलाफ कभी नहीं गईं। दीदी घर की परेशानियों के साथ-साथ बाहर की समस्याओं से भी जूझती थीं। उन्होंने कभी हमें जताया नहीं और बताया भी नहीं। 

आज उन्हीं की बदौलत लता के सारे भाई-बहन अपनी एक अलग पहचान रखते हैं। चलिए उन्हीं के बारे में आपको बताते हैं। पंडित दीनानाथ के 5 बच्चे हुए थे। इनमें लता मंगेशकर सबसे बड़ी थीं। उनके बाद बहन मीना मंगेशकर, आशा मंगेशकर, उषा मंगेशकर और आखिर में भाई हृदयनाथ मंगेशकर हैं।

मीना खड़ीकर

लता मंगेशकर के बाद घर में मीना खड़ीकर का जन्म हुआ था। 90 वर्ष की मीना अपनी बहन की तरह ही मराठी और हिंदी भाषा की सिंगर और कंपोजर हैं। मीना की शादी मिस्टर खड़ीकर से हुई थी। उनका एक बेटा है, जिसका नाम योगेश खड़ीकर है। 

आशा भोंसले 

आशा भोंसले भी आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। लता की तरह आशा भी बॉलीवुड की महान गायिकों में से एक हैं उन्होंने अपनी सुरीली आवाज से फैंस के दिलों पर राज किया है। आशा जी 88 वर्ष की हो चुकी हैं। 16 साल की उम्र में आशा ने गणपतराव भोंसले से शादी की थी। इस शादी से उन्हें तीन बच्चे - हेमंत, वर्षा, आनंद हुए थे। इसके बाद आशा ने आर.डी.बर्मन से शादी की थी।

उषा मंगेशकर

86 वर्षीय उषा मंगेशकर सबसे छोटी बहन हैं। वह भी म्यूजिक की दुनिया में एक जाना-माना नाम है। उन्होंने मराठी, हिंदी, बंगाली, कन्नड़, नेपाली, भोजपुरी, गुजराती और असमिया गानों से अपनी पहचान बनाई हैं। उषा ने भी बड़ी बहन लता की तरह कभी शादी नहीं की।

हृदयनाथ मंगेशकर

84 साल के हृदयनाथ मंगेशकर चारों बहनों में सबसे छोटे और सभी के लाड़ले रहे हैं। अपनी बहनों की तरह हृदयनाथ ने म्यूजिक जगत में खुद की पहचान बनाई हैं। उन्होंने बतौर म्यूजिक डायरेक्टर फिल्म इंडस्ट्री में खूब लोकप्रियता हासिल की हैं। उन्हें सब प्यार से बाला साहेब बुलाते हैं। उन्होंने मराठी कॉमेडियन दामुअन्ना मालवंकर की बेटी भारती मालवंकर से शादी की थी। हृदयनाथ के 2 बेटे और एक बेटी हैं। उनकी बेटी राधा मंगेशकर भी पिता के साथ स्टेज पर गाना गाती हैं।

इसके अलावा लता मंगेशकर का रिश्ता एक्ट्रेस श्रद्धा कपूर और उनके परिवार से भी है। रिश्ते में श्रद्धा, लता की पोती हैं। श्रद्धा के नाना पंधारीनाथ कोल्हापुरे, लता के पिता पंडित दीनानाथ के भांजे थे। श्रद्धा की मां शिवांगी कपूर और मौसी पद्मिनी कोल्हापुरे, लता मंगेशकर की भतीजी हैं।

लता ने अपने भाई बहनों को ताउम्र प्यार दिया। बता दें कि लता मंगेशकर ने करीब 30 हजार गाने गाए। उन्हेंने अंतिम गाना वर्ष 2011 में सतरंगी पैराशूट गाया था।

Content Writer

Vandana