मौनी अमावस्या: इस दिन दान का विशेष महत्व, पापों से मिलेगी मुक्ति

punjabkesari.in Wednesday, Feb 10, 2021 - 02:24 PM (IST)

मौनी अमावस्या का शुभ दिन इस बार 11 फरवरी को आ रहा है। मान्ताओं के अनुसार, इस शुभ दिन पर द्वापर युग आरंभ हुआ था। माना जाता है कि इस दिन मुंह से गलत व अपमानजनक शब्द नहीं निकलने चाहिए। इसलिए मौनी अमावस्या के दिन मौन धारण करने यानी चुप रहने और व्रत रखने का विशेष महत्व है। इसके साथ कुछ विशेष चीजों का दान करने से सुख, समृद्धि मिलने के साथ पापों से मुक्ति मिलती है। 

मौन व्रत के साथ रखें उपवास

पौराणिक कथाओं के अनुसार, मौनी अमावस्या के शुभ दिन पर मौन व्रत के साथ ही उपवास रखना भी शुभ फलदायी होता है। इससे शरीर में ऊर्जा का संचार होता है। 

गंगा स्नान का विशेष महत्व 

मान्यता है कि इस शुभ दिन पर गंगा के पवित्र जल में सभी देवी-देवताओं का वास होता है। इसलिए गंगा नदी में स्नान करने से दैहिक (शारीरिक), भौतिक (अनजाने में किए गए पाप), दैविक (ग्रहों, गोचरों का दुर्योग) तीनों तरह के पापों से छुटकारा मिलता है। 

सूर्य देव की करें पूजा 

इस शुभ दिन पर सुबह नहाकर सफेद कपड़े पहने। फिर जल के लोटे में थोड़े से काले तिल डालकर सूर्य देव के मंत्र का जाप करते हुए उन्हें जल अर्पित करें। 

भगवान विष्णु की करें पूजा 

इस दिन पर श्रीहरि के साथ पीपल के पेड़ की भी पूजा करने का विशेष महत्व है। मौनी अमावस्या के दिन भगवान विष्णु को तिल और दीपक चढ़ाने से पापों से मुक्ति मिलती है।  

पितृदोष से मिलेगी मुक्ति

इस दिन पितरों का तर्पण करने से पितृ दोष से छुटकारा मिलता है। साथ ही इन दिन किए हुए दान का सौ गुना से भी अधिक फल मिलता है। 

देवी लक्ष्मी की कृपा पाने के लिए करें यह दान 

 झाड़ू धन की देवी लक्ष्मी की प्रिय चीजों में से एक है। ऐसे में मौनी अमावस्या के दिन झाड़ू का दान जरूर करें। साथ ही कनकधारा स्त्रोत का पाठ करें। इससे आप पर और आपके घर-परिवार पर देवी लक्ष्मी की कृपा बनी रहेगी। 

गरीबों की करें मदद 

गरीबों व जरूरतमंदों की मदद करने व भोजन खिलाने से पुण्य मिलता है। ऐसे में जीवन की परेशानियां दूर होकर खुशियों का आगमन होता है। 

इन चीजों का करें दान

मौनी अमावस्या के दिन तिल, तेल, कपड़े, कंबल, जूत, तेल, गुड़, अन्न, आंवला आदि चीजों का दान करना चाहिए। इसके अलावा जिन लोगों की कुंडली मे चंद्रमा कमजोर हो उन्हें दूध से बनी चीजें, मिश्री और बताशों का दान करने से लाभ मिलता है। इसके साथ ही गाय का दान सबसे उत्तम माना जाता है। ऐसे में अगर हो सके तो गो-दान जरूर करें। 

सुख-शांति व खुशहाली के लिए

घर में खुशहाली बरकरार रखने के लिए इन दिन आटे में तिल डालकर तैयार रोटी गाय को खिलाएं। इससे घर में सुख-शांति व खुशहाली का वास होगा। साथ ही रिश्तों में मजबूती आएगी। 

 

Content Writer

neetu