World Food Day: बासी रोटी फेंककर ना करें बर्बाद, जानिए इसके हैरान कर देने वाले फायदे

punjabkesari.in Saturday, Oct 16, 2021 - 01:57 PM (IST)

भूख और खाद्य सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए हर साल 16 अक्टूबर को 'वर्ल्ड फूड डे' मनाया जाता है। ताकि लोगों को खाने की बर्बादी के लिए रोका जा सके। वहीं फूड एंड एग्रीकल्चर ऑर्गेनाइजेशन (FAO) की एक रिपोर्ट के अनुसार, देशभर में हर साल करीब 40 प्रतिशत खाना लोगों द्वारा खराब किया जाता है। बात घर की ही करें तो कई लोग रात की बची रोटी खराब समझकर उसे कूड़ेदान में फेंक देते हैं। मगर हेल्थ एक्सपर्ट के अनुसार, बासी रोटी खाने से कई बीमारियों से बचाव रहता है। इसके सेवन से हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज कंट्रोल रहता है। साथ ही जिम जाने वालों के लिए फायदेमंद मानी जाती है। ऐसे में इसे फेंकने की जगह पर आप इसका बिना किसी परेशानी के सेवन कर सकते हैं। चलिए जानते हैं बासी रोटी खाने का तरीका व फायदों के बारे में...

ताजी रोटी से ज्यादा पौष्टिक

एक्सपर्ट के अनुसार, ताजी रोटी की तुलना में बासी रोटी अधिक पौष्ट‍िक होती है। दरअसल, लंबे समय तक इसे रखने से इसमें हेल्दी बैक्टीरिया पनपने लगते हैं। ऐसे में रोटी की गुणवत्ता और भी बढ़ जाती है। एक्सपर्ट के अनुसार, इसके सेवन से बीमारियों से बचाव रहने में मदद मिलती है। इसके साथ ही बेहतर शारीरिक विकास होता है। मगर रोटी बनने के बाद वह 12-15 घंटे तक खाने लायक रहती है। इसलिए इससे अधिक समय तक की बासी रोटी ना खाएं।

ऐसे करें सेवन

रातभर पड़ी बासी रोटी को ठंडे दूध में 5 मिनट तक भिगोएं। बाद में इसका सेवन करें।

डायबिटीज में फायदेमंद

एक्सपर्ट के अनुसार, रोजाना सुबह दूध के साथ बासी रोटी खाने से बासी रोटी खाने से शुगर लेवल कंट्रोल रहता है। ऐसे में डायबिटीज के मरीजों को इसका जरूर सेवन करना चाहिए।

हाई ब्लड प्रेशर रहेगा कंट्रोल

जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर की समस्या रहती है उन्हें इसका जरूर सेवन करने चाहिए। इसमें मौजूद पोषक तत्व ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में मदद करते हैं।

एसिडिटी से दिलाए आराम

गलत खानपान के कारण एसिडिटी, कब्ज, अपच आदि पेट संबंधी समस्याएं होने लगती है। मगर सुबह दूध के साथ बासी रोटी खाने से इन परेशानियों से राहत मिलती है।

जिम जाने वालों के लिए फायदेमंद

जिम जाने वालों के लिए बासी रोटी का सेवन करना बेहद फायदेमंद माना जाता है। बासी रोटी में मौजूद कार्ब्स शरीर में एनर्जी लेवल बूस्ट करते हैं। इसके सेवन से मांसपेशियों में मजबूती व मसल्स गेन करने में मदद मिलती है। ऐसे में अच्छी बॉडी बनाने के लिए आप जिम जाने के साथ रोजाना सुबह ठंडे दूध के साथ बासी रोटी का सेवन कर सकते हैं। आप इसका सेवन करने से पहले अपने जिम ट्रेनर की सलाह ले सकते हैं।

 

 

 

Content Writer

neetu