क्या चावल खाने से बढ़ती है पेट की चर्बी? जानिए कितनी मात्रा में और कैसे खाना चाहिए Rice

punjabkesari.in Thursday, Feb 19, 2026 - 01:12 PM (IST)

नारी डेस्क: बहुत से लोग मोटे होने के डर से चावल नहीं खाते। अकसर यह सवाल मन में उठता है कि क्या सच में चावल खाने से वजन बढ़ता है? डाॅक्टरों की मानें तो वजन बढ़ने का कारण सिर्फ चावल नहीं, बल्कि कुल कैलोरी और लाइफस्टाइल है। अगर आप हेल्दी वज़न बढ़ाने की कोशिश कर रहे हैं, तो चावल एक बहुत अच्छा साथी हो सकता है। इसमें कैलोरी ज़्यादा होती है, यह पचने में आसान होता है, और प्रोटीन, सब्ज़ियों और हेल्दी फैट के साथ अच्छी तरह से मिल जाता है, जिससे यह बैलेंस्ड, हाई-एनर्जी मील के लिए एक मज़बूत बेस बन जाता है।


 क्या चावल वजन बढ़ाते हैं?

चावल खुद से वजन नहीं बढ़ाते, बल्कि कितनी मात्रा में, किस तरीके से, किसके साथ खाए जा रहे हैं  यह ज्यादा मायने रखता है। चावल में कार्बोहाइड्रेट होता है, जो शरीर को ऊर्जा देता है। लेकिन अगर जरूरत से ज्यादा खाया जाए और शारीरिक गतिविधि कम हो, तो अतिरिक्त कैलोरी फैट में बदल सकती है।


इस तरीके से चावल खाने से नहीं बढ़ता वजन 

 मात्रा कंट्रोल करें: एक बार में 1 छोटी कटोरी (लगभग 100–150 ग्राम पके हुए चावल) काफी है। प्लेट का आधा हिस्सा सब्जियों से भरें।

सफेद चावल की जगह ब्राउन या हाथ कुटा चावल: ब्राउन राइस में फाइबर ज्यादा होता है, जिससे पेट देर तक भरा रहता है और ओवरईटिंग नहीं होती।

 चावल को ठंडा करके खाएं: पके हुए चावल को ठंडा करने पर उसमें “रेजिस्टेंट स्टार्च” बनता है, जो कम कैलोरी अवशोषित करता है और शुगर धीरे बढ़ाता है।

 प्रोटीन के साथ खाएं: सिर्फ चावल नहीं दाल, राजमा, चना, पनीर, दही इनके साथ खाने से ब्लड शुगर तेजी से नहीं बढ़ता और वजन कंट्रोल में रहता है।

रात में कम मात्रा: अगर वजन घटाना चाहते हैं तो रात में कम मात्रा में या दिन के समय चावल खाना बेहतर है।

 तला हुआ चावल अवॉइड करें: फ्राइड राइस, पुलाव में ज्यादा तेल, बिरयानी  ये कैलोरी बढ़ाते हैं। साधारण उबले या हल्के मसाले वाले चावल बेहतर हैं।


क्या डायटिंग में चावल बिल्कुल बंद कर दें?

अगर आप रोज 1–2 कटोरी नियंत्रित मात्रा में खाते हैं और साथ में वॉक या एक्सरसाइज करते हैं, तो चावल नुकसान नहीं करेगा। कम खाएं, सही तरीके से खाएं, नियमित चलें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static