प्राचीन गुफाएं देखने के है शौकीन तो आपके लिए परफेक्ट रहेंगी ये 3 जगहें

punjabkesari.in Thursday, Sep 09, 2021 - 05:15 PM (IST)

देशभर में घूमने की बहुत सी जगहें है। कई जगहें तो बेहद ही प्राचीन व ऐतिहासिक महत्व रखती है। वहीं ऐतिहासिक स्थलों में महल, किले, इमारतें, गुफाएं आदि आते हैं। वहीं बात गुफाओं की करें तो भारत में कई शानदार गुफाएं भी है। ऐसे में आज हम आपको 3 बेहद ही प्राचीन व खूबसूरत गुफाओं के बारे में बताते हैं। ये सभी गुफाएं अपनी शानदार वास्तुकला के चलते दुनियाभर में मशहूर है। चलिए जानते हैं इनके बारे में...

एलोरा की गुफाएं

एलोरा की गुफाई महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में स्थित है। ये गुफाएं भारत के प्राचीन स्थलों का हिस्सा है। इन गुफाओं को बड़े-बड़े चट्टानों व पहाड़ों को काटकर बनाया गया है। साथ ही ये वास्तुकला का बेहतरीन व शानदार नमूना है। इन प्राचीन गुफाओं में हिंदू, बौद्ध और जैन धर्म के कई मंदिर स्थापित है। ऐसे में दुनियाभर से लोग इसे देखने के लिए आते हैं। बता दें, ये गुफाएं यूनेस्को द्वारा घोषित एक विश्व धरोहर स्थल है।

अजंता की गुफाएं

अजंता की गुफाएं भी महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में स्थित है। कहा जाता है कि इन प्राचीन गुफाओं का विकास 200 ई.पू. से 650 ईस्वी के बीच हुआ था। इसमें कुल 29 गुफाओं का समूह है। इसे बनाने के लिए पहाड़ों को घोड़े की नाल के आकार में काटा गया था। इन आकर्षित व अद्भुत गुफाओं को देखने के लिए देश-विदेश से लोग आते हैं। बता दें, 1983 में यूनेस्को ने अजंता की गुफाओं को विश्व धरोहर स्थल घोषित किया है।

एलीफेंटा की गुफाएं

एलीफेंटा की गुफाएं महाराष्ट्र के मुंबई शहर के गेटवे ऑफ इंडिया से करीब 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। इसकी बनावट बेहद आकर्षित व शानदार होने से ये पर्यटकों के आकर्षण का मुख्य केद्र है। ऐसे में देश-विदेश से हर साल भारी संख्या में लोग यहां घूमने आते हैं। इसमें कुल 7 गुफाएं बनी है जिन्हें पहाड़ों को काटकर तैयार किया गया है। आकर्षण का केंद्र इन गुफाओं को भी यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों में शामिल किया गया है।

 

 

 

Content Writer

neetu