अपने ही 2 गिनीज रिकॉर्ड तोड़ किरण ने ताइक्वांडो में हासिल की महारत, पुरुषों को भी पछाड़ा

punjabkesari.in Saturday, Oct 19, 2019 - 05:16 PM (IST)

दुनियाभर में कई ऐसे लोग हैं, जो 'गिनीज बुक ऑफ वर्ल्‍ड रिकॉर्ड' में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए नए-नए कारनामे करते रहते हैं। इस बुक में अपना नाम दर्ज करवाने के लिए सामने आते है और अपने-अपने अचीवमेंट तक दर्शाते है। मगर आज हम आपको एक ऐसी महिला के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने अपना ही बनाया गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ दिया है।

दरअसल, किरण उनियाल ने ताइक्वांडो में अपने दो पुराने गिनीज वर्ल्ड को तोड़कर नया रिकॉर्ड बनाने में सफलता हासिल की है और ऐसा करने वाली वह पहली महिला है। उनियाल ने “तीन मिनट में एक हाथ की कोहनी से 466 वार” करने का पहला व्यक्तिगत गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड कायम किया था। यह कारनामा जनवरी, 2019 के गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के आधिकारिक वीडियो में भी शानदार रिकॉर्ड के रूप में दर्ज किया गया है।

उन्होंने नया रिकॉर्ड 3 मिनट में एक पैर से सबसे अधिक फुल कॉन्टैक्ट नी स्ट्राइक (घुटनों से मारना) करने और एक मिनट में एकांतर पैर से सबसे अधिक फुल कॉन्टैक्ट नी स्ट्राइक कर बनाया है। किरण ने महिला श्रेणी में क्रमश: 263 और 120 स्ट्राइक की, जबकि पिछला रिकॉर्ड क्रमश: 177 और 102 स्ट्राइक का था। इतना ही नहीं, पुरुष श्रेणी का विश्व रिकॉर्ड 226 स्ट्राइक का है लेकिन किरण ने उसे भी पार कर लिया है।

महिला सुरक्षा के लिए बनाया रिकॉर्ड

यह दोनों रिकॉर्ड बनाने के उद्देश्य के बारे में पूछने पर किरण कहती हैं कि उनका मकसद महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा के लिए मार्शल आर्ट्स के प्रति बच्चियों और महिलाओं को प्रोत्साहित करना है।

10 गिनीज रिकॉर्ड्स किरण के नाम

सिकंदराबाद मिलिट्री स्टेशन पर तैनात सुनील उनियाल की पत्नी किरण मार्शल आर्ट्स, फिटनेस और सामाजिक कार्य में अब तक 10 गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड समेत 15 विश्व रिकॉर्ड बना चुकी हैं।

Content Writer

Anjali Rajput