दिल को स्वस्थ रखने के लिए बदलें ये 7 लाइफस्टाइल आदतें
punjabkesari.in Sunday, Feb 22, 2026 - 05:48 PM (IST)
नारी डेस्क: दिल और रक्त वाहिकाओं का स्वास्थ्य उम्र के साथ बदलता रहता है। डॉक्टर भी यही सलाह देते हैं कि हर उम्र में हार्ट हेल्थ का ध्यान रखना जरूरी है। गलत लाइफस्टाइल, मोटापा, फिजिकल एक्टिविटी की कमी और तनाव के कारण दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। हालांकि, सही खानपान, नियमित एक्सरसाइज और तनाव को कंट्रोल करके हार्ट डिजीज से बचा जा सकता है।
उम्र बढ़ने के साथ दिल में क्या बदलाव आते हैं?
जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, दिल की मांसपेशियां थोड़ी मोटी हो जाती हैं और धमनियां सख्त हो जाती हैं। इसका मतलब है कि दिल को ब्लड पंप करने के लिए ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। उदाहरण के लिए, 80 साल के लोगों की ब्लड पंपिंग क्षमता युवाओं की तुलना में लगभग आधी हो जाती है। युवाओं में भी गलत लाइफस्टाइल और डायबिटीज की वजह से हार्ट अटैक के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसलिए हर उम्र में दिल का ख्याल रखना बेहद जरूरी है।
7 आदतें जो दिल को स्वस्थ रखती हैं
हेल्दी डाइट अपनाएं
दिल के लिए फल, सब्जियां, साबुत अनाज और लो फैट डेयरी प्रोडक्ट्स फायदेमंद हैं। वहीं, ज्यादा नमक, चीनी, शराब, रेड मीट, फास्ट फूड और जंक फूड से दूरी बनाएं।

एक्टिव रहें
रोजाना कम से कम 30-60 मिनट की फिजिकल एक्टिविटी करें। यह वजन नियंत्रित रखता है और हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और टाइप 2 डायबिटीज के खतरे को कम करता है।
ये भी पढ़ें: आपके लंग्स कितने मजबूत हैं? यह टेस्ट बताएगें
सिगरेट-शराब से परहेज करें
तंबाकू और शराब दिल और रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचाते हैं। यह ब्लड प्रेशर और हार्ट रेट बढ़ा देते हैं।
वजन कंट्रोल में रखें
ज्यादा वजन से हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और डायबिटीज का खतरा बढ़ता है, जिससे दिल की बीमारी का जोखिम बढ़ जाता है।
अच्छी नींद लें
पर्याप्त नींद न लेने वालों में मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज और दिल का दौरा होने का खतरा ज्यादा होता है। डिनर जल्दी करें और मोबाइल/स्क्रीन टाइम कम करें।
तनाव को मैनेज करें
स्ट्रेस ब्लड प्रेशर और हार्ट डिजीज का बड़ा कारण है। योग, मेडिटेशन और सही डायट से तनाव कम किया जा सकता है।

नियमित हेल्थ चेकअप कराएं
18 साल की उम्र के बाद हर दो साल में ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, शुगर और वजन की जांच करवाएं। परिवार में हार्ट रोग का इतिहास होने पर और अधिक सतर्क रहें।
हर उम्र के लिए खास टिप्स
20-30 साल: सिगरेट और शराब से दूर रहें। स्पोर्ट्स और एक्सरसाइज करें। योग और मेडिटेशन से तनाव कम करें। हाई प्रोटीन-लो कार्ब डाइट लें।
40 साल: फिजिकल एक्टिव रहें, समय निकालकर वर्कआउट करें। घर का बना हेल्दी फूड खाएं। ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और शुगर चेक करें। वजन नियंत्रित रखें और मेडिकल चेकअप कराएं।
50 साल: हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाएं। वर्कआउट में लापरवाही न करें। मोटापा न बढ़ने दें। महिलाओं को मेनोपॉज के बाद हार्ट हेल्थ पर ध्यान देना जरूरी।
60 साल: ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल और शुगर लेवल की जांच कराएं। डाइट में फल और सब्जियों की मात्रा बढ़ाएं। कार्डियो और वेट ट्रेनिंग एक्सरसाइज करें।
70+ साल: हेल्थ पर फोकस करें। दवाइयां समय पर लें। असामान्य लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से मिलें।फ्लू और निमोनिया जैसी बीमारियों की वैक्सीन लें।
छोटी आदतों से बड़ा फर्क
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ हेल्थ के अनुसार, दिल को स्वस्थ रखना हर उम्र में संभव है। 20 साल की उम्र से ही सही लाइफस्टाइल की आदतें अपनाएं सोने-उठने का सही पैटर्न, सिगरेट-शराब से दूरी, फिजिकल एक्टिविटी और तनाव को मैनेज करना ताकि दिल लंबे समय तक मजबूत और स्वस्थ रहे।

