घर में इस तरह रखें मोर पंख, दूर होंगे घर के वास्तु दोष

punjabkesari.in Monday, Aug 19, 2019 - 11:35 AM (IST)

हर कोई रात दिन पैसे कमाने की होड़ में लगा रहता है। कई बार कड़ी मेहनत के बावजूद पैसा घर में टिक नहीं पाता। ऐसे में कई लोग किस्मत को कोसना शुरु कर देते हैं। जरुरी नहीं कि हर बार आपकी किस्मत खराब हो। वास्तु शास्त्रों में पैसे की कमी को दूर करने के लिए बहुत से उपाय बताए जा चुके हैं। जिनमें से आज हम बात करेंगे मोर पंख की... जी हां, घर की सुंदरता में चार-चांद लगाने वाले मोर-पंख आपकी किस्मत को चमकाने का भी काम करते हैं। तो चलिए जानते हैं मोर पंख से जुड़े वास्तु टिप्स के बारे में कुछ खास बातें...

क्यों माना जाता है मोर पंख इतना पवित्र ?

असल में बात बहुत पुरानी है, धार्मिक किताबों में बताया गया है कि एक बार असुर यानि शैतान ने स्वर्ग पर अपना कब्जा कर लिया था। असुर इतना शक्तिशाली था कि सभी देवी-देवताओं ने मोर पंख का रुप धारण कर उसका विनाश किया था। तब से ही मोर पंख को जीवन में शत्रुओं और नकारात्मक शक्तियों के विनाश के लिए उपयोगी माना जाता है।

अलग-अलग धर्मों के विचार

यहां तक कि बौद्ध धर्म में भी मोर पंख को काफी मान्यता दी गई है। उनके अनुसार मोर के खुले पंख खुली विचारधारा और मान्यताओं का प्रतीक है। यहां तक कि ग्रीस के लोग मोर के पंखों को तारों और सितारों की खूबसूरती के साथ जोड़कर इन्हें बहुत शुभ मानते हैं। भगवान श्री कृष्ण जी भी सदैव अपने मुकुट में मोर पंख सजाकर रखते थे। हिंदू धर्म में मोर पंख मां-लक्ष्मी, सरस्वती, महादेव और हनुमान जी के प्रतीक माने जाते हैं।

बांसुरी के साथ रखें मोर-पंख

यदि आपके घर में वाद-विवाद खत्म नहीं हो रहे तो आप घर के मंदिर में बांसुरी और मोर-पंख एक साथ रखें। ऐसा करने से घर में फैली हुई नकारात्मक ऊर्जा काफी हद तक खत्म हो जाती है। खासतौर पर जन्माष्टमी वाले दिन पूजा के बाद पूरे घर में मोर-पंख लहराने से भी घर का माहौल बहुत पवित्र और सुखमयी हो जाता है। जिस घर में कलह-कलेश नहीं होंगे वहां पर मां-लक्ष्मी की कृपा सदा बनी रहेगी। घर में हमेशा सकारात्मक ऊर्जा बनाए रखने के लिए रोजाना आरती या पाठ-पूजा के बाद घर में मोर-पंख लहराएं।

इन कोनों में रखें मोर पंख

सबसे जरुरी बात मोर पंख घर में ऐसे स्थान पर लगाएं जहां आपके घर पर आने वालों की नजर सबसे पहले पड़े। आज से ही नहीं बल्कि युगों से मोर पंख को घर में रखना बहुत शुभ माना गया है। घर के अलग-अलग कोनों में मोर पंख लगाने से घर के तकरीबन सभी वास्तु दोष दूर किए जा सकते हैं। यदि आप अपने पास मोर-पंख को हमेशा रखते हैं तो आपकी किस्मत आपका और तेजी से साथ देने लगती है।

बच्चों के लिए भी शुभ

जो बच्चे पढ़ाई में कमजोर होते हैं उनकी किताबों में मोर पंख रखने से उनका दिमाग पढ़ाई के मामलों में तेज होता है। कोई शुभ दिन देखकर बच्चे की किसी एक किताब में मोर पंख रख देने से बच्चे का मन पढ़ाई में लगना शुरु हो जाता है। कई बार बच्चे बहुत जिद्दी हो जाते हैं, ऐसे में भी मोर पंख उनके स्वभाव को शांत करने में मदद करते हैं।

सिरहाने के नीचे मोर पंख

यदि आपको रात में बुरे सपने आते हैं तो अपने सिरहाने के नीचे मोर पंख रखकर सोना शुरु कर दें। ऐसा करने से किसी भी तरह की नेगेटिव एनर्जी आपके आसपास नहीं आएगी। यदि घर में किसी बच्चे ने जन्म लिया है तो उसके पास भी मोर का पंख जरुर रखें, ऐसा करने से बच्चा बुरी नजर और खराब सेहत से बचा रहेगा।

बेडरुम में रखें मोर पंख

यदि कारोबार में लगातार घाटा होता जा रहा है या फिर कामकाज में तरक्की नहीं मिल रही तो ऐसे में अपने बेडरुम के उत्तर-दक्षिण कोने में मोर पंख रखें। आप चाहें तो अपनी दुकान या फिर ऑफिस में भी इसे रख सकते हैं। असल में मोर-पंख अपने पास या फिर घर में रखने से आपके ऊपर चल रहा राहू दोष शांत होता है। जिन वजह से आपके रुके हुए काम, मनचाहा पैसा और सेहत सब कुछ ठीक चलता रहता है।

काल-सर्प दोष

अपने पास मोर-पंख रखने से काल-सर्प दोष दूर होता है। सांप और मोर के बीच अटूट शत्रुता होने की वजह से मोर पंख घर में रखने से सांप और अन्य कई तरह के जीव घर में प्रवेश नहीं करते। घर के उत्तर-पूर्वी भाग में मोर-पंख रखने से राहू दोष और काल-सर्प दोष दोनों आपकी और आपके घरवालों की किस्मत से हमेशा दूर रहते हैं।

तिजोरी में रखें मोर-पंख

तिजोरी में मोर-पंख रखने से कभी भी घर में पैसों की कमी नहीं आती। आप चाहें तो भगवान श्री कृष्ण के मुकुट में मोर पंख सजाकर अपनी तिजोरी के ऊपर भी रख सकते हैं। ऐसा करने से मोर पंख के साथ-साथ भगवान श्री कृष्ण की अपार कृपा आप पर बनी रहेगी।  


 

Content Writer

Harpreet