Jennifer Lopez चौथी बार करने जा रही है शादी, 19 साल बाद फिर की बैटमैन के साथ सगाई

punjabkesari.in Saturday, Apr 09, 2022 - 01:47 PM (IST)

अमेरिकन सिंगर और एक्ट्रेस जेनिफर लोपेज ने बैटमैन फेम एक्टर बेन एफ्लेक के साथ सगाई कर ली है। बेन और जेनिफर ने साल 2002 में एक दूसरे को डेट किया था और दोनों की सगाई भी हो गई थी लेकिन दो साल बाद दोनों अलग हो गए थे। अब 19 साल बाद फिर वह एक साथ आ गए हैं।


जेनिफर लोपेज ने इंस्टाग्राम पर तस्वीरें शेयर कर सगाई की जानकारी दी। इसके साथ ही उन्होंने बताया- बेन से सगाई टूटने के लगभग 19 साल बाद 2021 में एक-दूसरे के करीब आने के बाद अब वह शादी के बंधन में बंधने की योजना बना रहे हैं।  


लोपेज (52) ने सबसे पहले अपने फेसबुक और इंस्टाग्राम पेज पर यह घोषणा की, जिसके बाद उन्होंने अपने करीबी लोगों के साथ इससे जुड़ा एक ईमेल साझा किया। जेनिफर ने अपनी सगाई की अंगूठी फ्लॉन्ट करते हुए एक वीडियो भी पोस्ट किया। इसके साथ उन्होंने लिखा- मैं इसकी घोषणा करते हुए उत्साहित हूं।


लोपेज और 49 वर्षीय एफ्लेक ने पहली बार फिल्म ‘गिगली’ में काम करने के बाद डेटिंग शुरू की थी। नवंबर 2002 में उनकी सगाई हो गई थी, लेकिन लोपेज ने 2004 की शुरुआत में सगाई तोड़ दी और उसी साल जून में गायक मार्क एंथोनी से शादी कर ली। 2008 में इस जोड़े के जुड़वां बच्चे मैक्स और एम्मे हुए। एफ्लेक ने 2005 में अभिनेत्री जेनिफर गार्नर से शादी की और तीन बच्चों का एक साथ स्वागत किया।

बता दें कि लोपेज ने पहली शादी साल 1997 में एक्टर ओजनी नोआ से की थी, जो 1998 में टूट गई। इसके बाद साल 2001 में लोपेज ने अमेरिकन एक्टर और कोरियोग्राफर क्रिस जड को जीवनसाथी चुना था,  यह शादी भी दो साल से ज्यादा टिक नहीं पाई। वहीं, लोपेज ने तीसरी शादी (2004-2014) मार्क एंथनी से की थी। मार्क से अलग होने के बाद से लोपेज और बेन एक बार फिर साथ आ गए।

Content Writer

vasudha