साल के पहले दिन जापान में तूफान! भूकंप के तेज झटके और सुनामी की लहरें

punjabkesari.in Monday, Jan 01, 2024 - 04:27 PM (IST)

पूरा विश्व जहां आज नया साल खुशियों से मना रहा है। वहीं इस नए साल के जश्न में जापान की खुशियों में ग्रहण लग गया है। साल के पहले दिन ही जापान में एक से बाद एक भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। यह भूकंप सेंट्रल जापान के इलाकों में महसूस किया गया है। वहीं सुनामी को लेकर भी चेतावनी जारी कर दी गई है। अधिकारियों ने तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों को जल्दी से किसी ऊंची जगह पर जाने की सलाद दे दी है। देश के मौसम विभाग ने भी लोगों को अलर्ट करते हुए कहा है कि कुछ इलाकों में पांच मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका है। 

7.2 रही भूकंप की तीव्रता 

राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, जापान के पश्चिमी तट के पास रिक्टर पैमाने पर 7.2 तीव्रता के साथ भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। इसके बाद जापान में सुनामी की चेतावनी भी दे दी गई है। भूकंप की तीव्रता इतनी तेज रही है कि ट्रेन और मेट्रो तक को जैसे तैसे रोका गया है। जापान के पास तीस हजार घरों में बिजली भी ठप हो गई है। सरकार ने आगे और भूकंप आने की चेतावनी भी जारी कर दी है। 

कई मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका 

वहीं जापान के आधिकारियों की मानें तो भूकंप के झटकों के कारण समुद्र की लहरें 5 मीटर तक उठ सकती हैं जिसको देखते हुए आस-पास के लोगों को ऊंचे स्थान और बिल्डिंग में जाने के लिए कहा है। भूकंप की वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही हैं। 

बुरी तरह से टूटा दुकानों का सामान 

सोशल मीडिया पर एक वीडियो भी सामने आया है जहां दुकानों से सामान हिलता हुआ नजर आ रहा है। वहीं इस वीडियो में लहर के उठते हुए झरने भी नजर आ रहे हैं।

रुस ने जारी किया अलर्ट 

रिपोर्ट्स की मानें तो रुस के आपातकालीन मंत्रालय(Ministry Of Emergency) ने कहा है कि रुस के प्रशांत समुद्री तट पर जापान के करीब स्थित पश्चिमी तट सखालिन द्वीप के कुछ हिस्सों में भी सुनामी का खतरा है। ऐसे में वहां पर रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थान पर भी ले जाया जा रहा है।  


 

Content Writer

palak