She Power: बॉक्सर मैरी कॉम को प्रेरणा मानती हैं बाला देवी, देश के नाम कर चुकी हैं कई मैडल

punjabkesari.in Friday, Feb 12, 2021 - 12:09 PM (IST)

महिलाएं सिर्फ चूल्हा चौंका ही बेहतरीन ढंग से संभाल सकती हैं, यह बात एक नहीं कई उदाहरणें देकर गलत साबित की जा चुकी है। महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाए हुए हैं। फिर वो हवाई उड़ान हो या क्रिकेट मैदान। भारत की महिलाएं खेल जगत में भी देश का नाम रोशन कर रही हैं। खेल की दुनिया में चमकते भारतीय नामों में एक नाम महिला फुटबॉलर नंगंगोम बाला देवी (Ngangom Bala Devi) का भी है जो महिला राष्ट्रीय फुटबॉल टीम के लिए खेलती हैं वहीं पिछले साल वह स्कॉटिश महिला प्रीमियर लीग क्लब रेंजर्स में शामिल हो गई।

प्रोफेशनल कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला फुटबॉलर

साल 2020 की शुरुआत में बाला देवी प्रोफेशनल कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने वाली पहली भारतीय महिला फुटबॉलर बनी थी जिसके तहत देवी ने स्कॉटिश महिला प्रीमियर लीग क्लब रेंजर्स के साथ 18 महीने का कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था।

गोल दागने वाली पहली भारतीय महिला फुटबॉलर

बाला देवी प्रोफेशनल फुटबॉल लीग में गोल दागने वाली पहली भारतीय महिला फुटबॉलर हैं। 6 दिसंबर 2020 को,  बाला देवी, यूरोप में गेर्स के लिए एक पेशेवर फुटबॉल लीग में स्कोर करने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। यूरोप की फुटबॉल लीग में रेंजर्स एफ.सी की तरफ से खेलते हुए बाला देवी ने मदरवेल एफ.सी के खिलाफ  अपने करियर का पहला गोल किया।

बाला देवी की उपलब्धियां

. साल 2002 असम में, वह मणिपुर U-19 टीम वुमेन चैंपियनशिप की प्रतियोगी रहीं। इस टूर्नामेंट में उन्हें बेस्ट प्लेयर घोषित किया गया था जिसके लिए उन्हें साल 2003 में बेस्ट प्लेयर टाइटल से ही सम्मानित किया गया।
. साल 2005 में उन्होंने इंडिया वुमेन नेशनल फुटबॉल टीम (अंडर 16) ज्वाइंन की।
. साल 2006-2007 में उन्होंने अंडर 19 टीम के साथ बेहतरीन प्रदर्शन किया।
. साल 2014 में देवी ने महिला फुटबॉल चैंपियनशिप जीती, जिसमें मणिपुर ने ओडिशा को 3-2 से हराया था। साल 2014 में उन्हें AIFF वुमेन प्लेयर ऑफ द ईयर के खिताब से भी सम्मानित किया जा चुका है।
.साल 2015 में नेशनल गेम ऑफ इंडिया में देवी ने गोल्ड मेडल मणिपुर राज्य के नाम किया।

मणिपुर पुलिस विभाग में पुलिसकर्मी

फुटबॉल के अलावा बाला देवी ने मणिपुर पुलिस विभाग में बतौर पुलिसकर्मी के रूप में भी सेवाएं दे रहीं हैं। रेंजर्स डब्ल्यूएफसी के लिए फुटबॉल में उनके शानदार प्रदर्शन के बाद उन्हें इंस्पेक्टर रैंक में पदोन्नत किया गया।

बॉक्सर मैरी कॉम को मानती हैं अपनी प्रेरणा

मणिपुर में एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाली बाला देवी, एम.सी. मैरी कॉम को अपनी प्ररेणा मानती हैं। ट्वीट के जरिए उन्होंने कहा था,  मैरी कॉम मेरे लिए प्रेरणा हैं। साधारण परिवार से होने के बावजूद भी उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत से कई रिकार्ड तोड़े। यहां तक कि मां बनने के बाद भी उनका रिकॉर्ड तोड़ना और देश को गौरवान्वित करना जारी रहा।

साल  2019 में किया कमाल

साल 2019 में बाला देवी अपने बेहतरीन प्रदर्शन को लेकर भी काफी चर्चा में रही थी, जब उन्होंने मणिपुर पुलिस की ओर से इंडियन वुमेन लीग में सिर्फ 7 मैच में 26 गोल किए थे। इस मैच के बाद ही उन्हें स्कॉटलैंड में खेलने का मौका मिला।

पुलिस विभाग में भी कर चुकी हैं काम

बाला देवी फुटबॉल खेलने के अलावा मणिपुर पुलिस विभाग में भी काम करती हैं। साल 2014 में उन्हें AIFF वुमेन प्लेयर ऑफ द ईयर के खिताब से भी सम्मानित किया जा चुका है।

Content Writer

Anjali Rajput