खेल जगत को बड़ा झटका, शूटिंग दिग्गज और कोच जसपाल राणा का निधन, शोक में डूबा खेल जगत

punjabkesari.in Friday, Jun 12, 2026 - 10:56 AM (IST)

नारी डेस्क: भारतीय खेल जगत से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। देश के जाने-माने निशानेबाज, एशियन गेम्स के स्वर्ण पदक विजेता और भारतीय शूटिंग टीम के कोच जसपाल राणा का निधन हो गया है। उनके निधन की खबर सामने आते ही खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई। खिलाड़ियों, कोचों और खेल प्रेमियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी है।

49 साल की उम्र में दुनिया को कहा अलविदा

जसपाल राणा महज 49 वर्ष के थे। उन्होंने अपने शानदार करियर के दौरान भारतीय शूटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। एक खिलाड़ी के तौर पर उन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन किया, वहीं कोच के रूप में भी उन्होंने नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को तैयार किया।

फ्लाइट के दौरान बिगड़ी थी तबीयत

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जसपाल राणा हाल ही में जर्मनी के म्यूनिख में आयोजित ISSF वर्ल्ड कप से लौट रहे थे। इसी दौरान फ्लाइट में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई, जिसके बाद तुरंत चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई गई। भारत पहुंचने के बाद उन्हें दिल्ली के मैक्स साकेत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही थी। इलाज के दौरान उनकी एंजियोप्लास्टी और स्टेंट से जुड़ी मेडिकल प्रक्रिया भी की गई, लेकिन तमाम कोशिशों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।

ये भी पढ़ें:  आपने मुझे पहचान लिया, मैं ही हूं Kasab... AnjaliKulthe ने कहा- वो रात में कभी नहीं भूल सकती

खिलाड़ी से लेकर कोच तक, हर भूमिका में रहे सफल

जसपाल राणा का नाम भारतीय शूटिंग इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिना जाता है। उन्होंने एशियन गेम्स सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के लिए पदक जीते। उनकी गिनती देश के सबसे प्रतिभाशाली पिस्टल शूटर्स में होती थी। खिलाड़ी के रूप में सफलता हासिल करने के बाद उन्होंने कोचिंग की जिम्मेदारी संभाली और कई युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

PunjabKesari

मनु भाकर की सफलता के पीछे भी रहा अहम योगदान

जसपाल राणा ने भारतीय शूटिंग स्टार मनु भाकर सहित कई युवा खिलाड़ियों को प्रशिक्षित किया। उनकी कोचिंग और अनुभव का लाभ देश के अनेक निशानेबाजों को मिला। खिलाड़ियों के बीच वे एक सख्त लेकिन प्रेरणादायक कोच के रूप में जाने जाते थे।

खेल जगत ने दी श्रद्धांजलि

जसपाल राणा के निधन की खबर सामने आने के बाद खेल जगत से लगातार शोक संदेश आ रहे हैं। खिलाड़ियों, खेल संगठनों और प्रशंसकों ने उनके योगदान को याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। भारतीय शूटिंग के लिए उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। जसपाल राणा का जाना केवल शूटिंग खेल ही नहीं, बल्कि पूरे भारतीय खेल जगत के लिए एक बड़ी क्षति माना जा रहा है। उन्होंने अपने प्रदर्शन, अनुशासन और मार्गदर्शन से हजारों खिलाड़ियों को प्रेरित किया। उनकी उपलब्धियां और खेल के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।
 
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static