हरनाज कौर संधू बनी Miss Universe, 21 साल बाद भारत की बेटी के सिर सजा ताज

punjabkesari.in Monday, Dec 13, 2021 - 09:44 AM (IST)

21 साल बाद भारत की झोली में बड़ी खुशी आई है। अभिनेत्री-मॉडल हरनाज संधू ने  मिस यूनिवर्स 2021 का खिताब अपने नाम कर लिया है। इस प्रतियोगिता में 80 देशों की प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था और भारत को 21 साल बाद इस प्रतियोगिता में जीत हासिल हुई है।


 इतिहास रचने वाले  संधू से पहले सिर्फ दो भारतीय महिलाओं ने मिस यूनिवर्स का खिताब जीता है। अभिनेत्री सुष्मिता सेन को 1994 में और लारा दत्ता को 2000 में यह ताज पहनाया गया था। इस 70वीं सौंदर्य प्रतियोगिता का आयोजन इजराइल के ईलात में किया गया, जिसमें 21 वर्षीय संधू को सफलता मिली।


चंडीगढ़ की मॉडल संधू लोक प्रशासन विषय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रही हैं। उन्हें यह ताज इस प्रतियोगिता की 2020 की विजेता मेक्सिको की एंड्रिया मेजा ने पहनाया। पराग्वे की नादिया फेरेरा (22) दूसरे स्थान पर रहीं जबकि दक्षिण अफ्रीका की लालेला मसवाने (24) तीसरे स्थान पर रहीं।

 हाल ही में हरनाज ने 'मिस डीवा मिस यूनिवर्स इंडिया 2021' में बाजी मारी और फिर मिस यूनिवर्स 2021 का पुरुस्कार अपने नाम करने के लिए कड़ी मेहनत करने लगी। भारत को आज उन पर गर्व है। क्योंकि, देश के 21 साल का इंतजार अब खत्म हुआ। लारा दत्ता के बाद एक बार फिर भारत ने मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता में अपना झंडा गाड़ा है। 


 

Content Writer

vasudha