कविता देवी: भारत की 1st WWE महिला रेसलर जिसने सलवार सूट पहनकर पहलवानों को चटाई धूल

punjabkesari.in Tuesday, Jun 13, 2023 - 12:34 PM (IST)

भारत की पहली महिला रेसलर कविता देवी पर बायोपिक बनायी जा रही है।  देश की पहली महिला डब्लू डब्लू रेसलर कविता देवी न्यूजीलैंड में सलवार-सूट पहनकर रिंग में उतरी थी, जिसके चलते लोगों ने उन्हें खूब पसंद किया था। डब्ल्यूडब्ल्यूइ में हिस्सा लेकर उन्होंने साबित कर दिया था कि महिलाएं किसी भी मामले में पीछे नहीं हैं। 


कविता देवी पर जल्द ही एक फिल्म बनने जा रही है। इस फिल्म के लिए कविता की जिंदगी से जुड़े राइट्स को निर्माता प्रीति अग्रवाल ने खरीद लिए हैं। प्रीति अग्रवाल ने बताया, कविता की पूरी जिंदगी बेहद प्रेरणादायक रही है। जिंदगी के हर मोड़ पर उन्होंने लड़ने का जज्बा दिखाया और कभी हार नहीं मानी। ऐसी धारणा रही है कि डब्ल्यूडब्ल्यूइ हमेशा से पुरुषों का खेल रहा है। 


बाद में दुनिया भर की महिलाएं भी इस खेल में शिरकत करने लगीं, लेकिन इस खेल में भारतीय महिलाओं का कोई प्रतिनिधित्व नहीं था। ऐसे में कविता ने अपनी काबिलियत से ये साबित कर दिखाया कि भारतीय महिलाओं में कितना दम है, वह आज उन बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं, जो डब्ल्यूडब्ल्यूइ में अपना मुकाम बनाने की ख्वाहिश रखती हैं। 


हरियाणा के जींद जिले के एक छोटे से गांव मालवी में एक बेहद साधारण परिवार में जन्मी कविता देवी ने साल 2017 में पहली बार WWE रिंग में कदम रखा था, इस दौरान उन्हें  सलवार सूट में देखकर सभी हैरान रह गए थे। इसके बाद से ही उनके चर्चे पूरी दुनिया में होने लगे थे। WWE में कविता देवी ने अपना आखिरी मैच 27 जुलाई 2019 को लड़ा था। इसके बाद वह दिखाई नहीं दी, अब इस फिल्म के जरिए उनकी कहानी पूरी दुनिया जानेगी।

Content Writer

vasudha