Chaitra Navratri 2022: घर में जलाई है अखंड जोत तो भूलकर भी ना करें यह काम

punjabkesari.in Monday, Mar 28, 2022 - 04:35 PM (IST)

हिंदुओं का प्रमुख त्योहार चैत्र नवरात्रि 2 अप्रैल से शुरू हो रहे हैं, जो 11 अप्रैल तक मनाए जाएंगे। इस दौरान मां दुर्गा के 9 रूपों की पूजा की जाती है तो वहीं उपासक व्रत भी रखते हैं। वहीं, धार्मिक दृष्टि से इस पर्व का बहुत महत्व है क्योंकि मां दुर्गा को सुख-समृद्धि और ऐश्वर्य की देवी कहा जाता है। यह पर्व व्रत और पूजा के अलावा वास्तु दोष दूर करने में भी महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में आज हम आपको कुछ वास्तु टिप्स बताएंगे, जिन्हें फॉलो करके आप घर में सुख-समृद्धि ला सकते हैं।

मुख्य द्वार पर बनाएं स्वास्तिक

घर के मुख्य द्वार पर स्वास्तिक बनाना शुभ माना जाता है। इससे घर में सुख-समृद्धि आएगी। इससे घर में सकारात्मकता का संचार होता है। वास्तु शास्त्र के अनुसार, स्वस्तिक बनाने के लिए आप हल्दी और चावल का उपयोग कर सकते हैं। ऐसा करने से आपके घर में सुख, धन और अन्न में वृद्धि होगी।

गेट पर बांधें आम के पत्तों का तोरण

वास्तु विशेषज्ञों के अनुसार, आम के पत्तों के तोरण को मुख्य द्वार पर बांधना बहुत शुभ माना जाता है। नवरात्रि के दौरान मुख्य द्वार पर आम के पत्तों के तोरण को बांधना न भूलें।

मंदिर सही दिशा में होना चाहिए

वास्तु के अनुसार मंदिर पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा में होना चाहिए। वास्तु के अनुसार अगर मंदिर गलत दिशा में हो तो नकारात्मक ऊर्जा फैलती है। गलत दिशा में मंदिर होने से कई बीमारियां और दुख हो सकते हैं।

अखंड जोत

नवरात्रि के दौरान अखंड जोत जलाई जाती है। इससे आपके भाग्य और सुख में वृद्धि होती है। मगर, ध्यान रहे कि अखंड ज्योति को कभी भी जमीन पर न रखें। इसे थोड़ी ऊंचाई पर रखें।

घर को न छोड़े खाली

नवरात्रि में घट स्थापना या अखंड ज्योति जलाई है तो भूलकर भी घर को ताला ना लगाएं और ना ही घर को खाली छोड़े। घर के किसी भी कोने में अंधेरा ना होने दें। सुबह-शाम मंदिर में ज्योत जलाएं और दुर्गा चालीसा या सप्तशती का पाठ करें।

तुलसी का पौधा लगाएं

घर में तुलसी के पौधे का बहुत महत्व होता है। वहीं, नवरात्रि में घर में तुलसी का पौधा लगाना बहुत शुभ माना जाता है। इसे घर की उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। तुलसी रोगों और दोषों को दूर रखने में अत्यंत लाभकारी है। यह पौधा परिवार में खुशियां लाता है। इसके अलावा आप नवरात्रि के दिनों में मनी प्लांट, रातरानी, गुड़हल , अपराजिता प्लांट, गेंदे के फूल, मां लक्ष्मी की प्रिय लता भी लगा सकते हैं।

Content Writer

Anjali Rajput