Mysterious Caves: रोमांच के है शौकीन तो जरूर करें भारत की इन गुफाओं की सैर

punjabkesari.in Monday, Aug 06, 2018 - 04:06 PM (IST)

दुनियाभर में ऐसी कई गुफाएं है, जोकि अपने अद्भुत रहस्य और अनोखी खासियत के लिए मशहूर है। रोमांच के शौकीन लोगों को भी अलग-अलग गुफाएं देखने का बहुत मजा आता है। ऐसे में आज हम आपको भारत की कुछ रहस्यमयी और रोमांचित गुफाओं के बारे में बताने जा रहे हैं। प्राकृतिक खूबसूरती और कई रहस्‍यों से भरपूर इन गुफाओं को देखकर आप भी हैरान हो जाएंगे। तो चलिए जानते हैं भारत की रोमांचित गुफाओं और उसमें छुपे हुए कुछ दिलचस्प रहस्‍य के बारे में।
 

1. उदयगिरी की गुफाएं
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्‍वर के पास मौजूद उदयगिरी की गुफाएं प्राचीन समय से बनी हुई है। 33 पहाडि़यों को काटकर बनाई गई इन गुफाओं को देख कर लगता है कि इन्हें किसी धार्मिक कारणों से बनाया गया है। कुछ लोगों का मानना यह भी है कि वनवास के समय पांडवों ने यही पर समय बिताया था।


2. महाबलीपुरम वराह गुफाएं 
महाबलीपुरम की वराह गुफाएं प्राचीन होने के साथ-साथ रोमांचक और खूबसूरत भी होती है। इन गुफाओं को देखने के लिए लोग देश-विदेश से आते हैं। चट्टानें काटकर बनाई गई इन गुफाओं की नक्‍काशी इसकी खूबसूरती को और भी बढ़ाती है।

3. भीमबेटका गुफाएं
भीमबेटका गुफाएं मध्‍य प्रदेश के रायसेन जिले में रतापानी वाइल्‍ड लाइफ सैंक्चुअरी के अंदर बनी हुई हैं। गुफा की दीवारों पर उकेरी गई इंसान और जानवरों की पेटिंग पुरानी सभ्यता की निशानियों का प्रतीक है। ऐसा माना जाता है कि यह गुफाएं 30 हजार साल पुरानी है। अगर आप जानना चाहते हैं कि हमारे पूरवज कैसे रहते थे तो आप इन चित्रों को देखकर जान सकते हैं।

4. बाराबर गुफाएं
ऐसा कहा जाता है कि बिहार की यह गुफाएं बेहद प्राचीन है और इन्‍हें मौर्यकाल में बनाया गया था। ग्रेनाइट चट्टानों को काटकर बनी इस गुफा के अंदर बोलने की भी आवाज गूंजती है। बरसात या सर्दियों में इन गुफाओं में घूमने का मजा दोगुना हो जाता है।

5. बादामी गुफा
बादामी गुफा कर्नाटक में स्थित बादामी गुफा और इस गुफा में मौजूद बादामी मंदिर विश्व प्रसिद्ध है। इन गुफाओं को भी पहाड़ियों को कांटकर बनाया गया है। यहाँ की प्राचीन गाथाएं बेहद रोमांचक हैं इसलिए आप यहा आकर उन गाथाओं के बारे में जान सकते हैं।

6. एलीफेंटा की गुफा
महाराष्ट्र में मौजूद इन एलीफेंटा केव्स को पहाड़ काटकर बनाया गया है। यहां लगभग 7 गुफाएं हैं, जिनमें से सबसे महत्‍वपूर्ण है महेश मूर्ति गुफा। एलीफेंटा को घारापुरी के नाम से भी जाना जाता है। इस गुफा को यूनेस्‍को द्वारा विश्‍व विरासत का दर्जा भी दिया गया है।

7. अजंता-एलोरा की गुफाएं
यह स्थान महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में स्थित है। इसमें अजंता में 29 बौद्ध गुफाएं और कई हिंदू मंदिर मौजूद हैं। ये गुफाएं अपनी चित्रकारी और अद्भुत मंदिरों के लिए प्रसिद्ध हैं।

Content Writer

Anjali Rajput