अगर आप भी जा रहे हैं अमरनाथ तो देखना न भूलें ये 5 खास जगहें

punjabkesari.in Tuesday, Jul 10, 2018 - 11:26 AM (IST)

अमरनाथ यात्रा शुरू हो चुकी है। हर साल लाखों की संख्या में लोग अमरनाथ गुफा में बने शिवलिंग के दर्शन करने के लिए जाते हैं। इस पवित्र गुफा तक पहुंचने के लिए लोगों को 14000 फुट की ऊंचाई चढ़नी पड़ती है। अगर आप भी इस बार अमनाथ यात्रा पर जा रहे हैं तो वहां पर मौजूद और भी खूबसूरत जगह देख सकते हैं। आज हम आपको बताएंगे कि बर्फ के शिवलिंग के अलावा अमरनाथ के आसपास आप किन-किन जगहों पर घूमने का मजा ले सकते हैं।
 

1. चंदनबाड़ी, यहां किया था चंद्रमा का त्‍याग
अमरनाथ गुफा के साथ-साथ आप यहां के चंदनबाड़ी गांव में घूम सकते हैं। यह गांव अमरनाथ यात्रा के दूसरे पड़ाव यानि पहलगाम के बाद आता है। कहा जाता है कि जब भगवान शिव माता पार्वती को अमर कथा सुनाने के लिए ले जा रहे थे तो उन्होंने हर चीज का त्याग कर दिया था और इस जगह पर उन्होंने चंद्रमा का त्याग किया था। इसके बाद चंद्रमा ने शिव जी के वापिस लौटने का यही पर इंतजार किया था।

2. राक्षसों के शव से बना पर्वत
अमरनाथ यात्रा के दौरान आने वाले इस पर्वत को पिस्‍सू टॉप भी कहा जाता है। ऐसा कहा जाता है कि अमर कथा सुनने के लिए राक्षसों ने शिवजी पर आक्रमण कर दिया था। तब  राक्षसों और देवताओं के बीच काफी लड़ाई हुई और देवताओं ने राक्षसों को मारकर उनका पहाड़ बना दिया था। अमरनाथ यात्रा के दौरान घूमने के लिए यग पर्वत भी बेस्ट ऑप्शन है।

3. शेषनाग
यहां पर भगवान शिव ने शेषनाग का त्याग किया था। शेषनाग के नाम से पहचाना जाने वाला यह पर्वत बिल्कुल नाग की तरह लगता है। इसके अलावा यहां एक खूबसूरत पानी की झील भी है, जिसका पानी शीशे की तरह चमकता है।

4. महागुन माउंटेन
अमरनाथ जाने वाले टूरिस्ट इस माउंटेन को देखने के लिए जरूर आते हैं। जब भगवान शिव और पार्वती माता गुफा की तरफ जा रहे थे तो उन्होंने गणेश जी का भी त्याग कर दिया था। तभी से इस स्थान का नाम महागुन पर्वत पड़ गया। इस जगह की खूबसूरती देखकर तो हर कोई हैरान रह जाता है।

5. पंचतरणी
महागुन माउंट से कुछ ही दूरी पर स्थित इस जगह पर आप पांच नदियों का संगम देख सकते हैं। गुफा की तरह जाते समय भगवान ने इस जगह पर पृथ्‍वी, जल, वायु, अकाश और अग्नि का त्‍याग किया था। इसके अलावा उन्होंने अपनी पांच नदियों को भी इसी जगह त्यागा था। इसलिए इस अद्भुत स्थान पर पांच नदिया एक साथ बहती हैं।

Content Writer

Anjali Rajput