ऐसी औरतों को जल्दी होता है मेनोपॉज, जान लें इसे रोकने का तरीका भी

punjabkesari.in Sunday, Dec 27, 2020 - 11:55 AM (IST)

40 -50 की उम्र में हर महिला को मेनोपॉज का सामना करना पड़ता है। यह एक ऐसी स्थिति है, जिसके कारण पीरियड्स साइकल रूक जाता है और ब्लीडिंग बंद हो जाती है। मगर, कई बार महिलाओं को उम्र के इस पड़ाव से पहले ही मेनोपॉज हो जाता है, जिसे जिसे प्रीमैच्योर ओवेरियन फेलियर कहा जाता है। ऐसे में हम आपको कुछ टिप्स देंगे जिससे आप अर्ली मेनोपॉज को काफी हद तक टाल सकती हैं।

क्यों होता है मेनोपॉज?

मेनोपॉज यानि रजोनिवृत्ति में महिलाओं के शरीर कई हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिसके कारण ओवरी में अंडे नहीं बनते और पीरियड्स रूक जाते हैं। इसके कारण महिलाओं को कई परेशानियां झेलनी पड़ती है जैसे बहुत अधिक गर्मी लगना, यूटीआई, अनिद्रा, एंग्जाइटी आदि। वहीं, मेनोपॉज के कारण दिल की बीमारी, हाई बीपी, ऑस्टियोपोरोसिस का खतरा भी बढ़ जाता है। ऐसे में जरूरी है कि मेनोपॉज समय से पहले ना आए।

इन महिलाओं को अधिक खतरा

आमतौर पर महिलाओं को 45 से 51 साल की उम्र तक मेनोपॉज होता है लेकिन शोध के मुताबिक, कैंसर ग्रस्त, बांझ या जो औरतें प्रेग्नेंट ना हुई हो, उन्हें अर्ली मेनोपॉज की संभावना 2 गुना ज्यादा होती है। इसके अलावा जब औरतों के शरीर में एस्ट्रोजेन और दूसरे हार्मोन बनना बंद हो जाते हैं, तब भी इसकी संभावना बढ़ जाती है।

अर्ली मेनोपॉज से कैसे बचें?

समय से पहले मोनोपॉज को रोकने के लिए संतुलित आहार को नजरअंदाज ना करें क्योंकि इससे हार्मोन्स संतुलित रहते हैं, जिससे आप अर्ली मेनोपॉज से बच सकती हैं। साथ ही जंक व प्रोसेस्ड फूड्स, अधिक मसालेदार भोजन, सफेद चावल, मैदे का सेवन कम करें।

फॉलिक एसिड

डायट में फॉलिक एसिड फूड्स जैसे सोयाबीन, दालें, काबुली चना, ब्रोकली, पालक, तिल आदि शामिल करें। इसके अलावा कैल्शियम, विटामिन डी और मैग्निशियम के सप्लीमेंट लें।

एस्ट्रोजन फूड्स अधिक लें

डाइट में ऐसे आहर अधिक लें, जिससे शरीर में एस्ट्रोजन हार्मोन का स्तर कम ना हो क्योंकि यह भी अर्ली मेनोपॉज का एक कारण है। इसके लिए आप सोया, मूंगफली, अलसी के बीज का सेवन करें।

व्यायाम करें

अर्ली मेनोपॉज को रोकने के लिए व्यायाम सबसे बढ़िया तरीका है। इसके लिए जरूरी नहीं कि आप जिम जाएं। रोजाना 30 मिनट सैर, योग के जरिए भी आप इससे बच सकती हैं।

तनाव से दूर रहें 

तनावग्रस्त रहने से भी रजोनिवृत्ति जल्दी होने के आसार बढ़ जाते हैं। दरअसल, तनाव से शरीर की क्रियाविधि में बाधा आती है, जिससे मेनोपॉज जल्दी हो सकता है। तनाव से बचने के लिए मेडिटेशन, योग और अच्छा म्यूजिक सुनें।

हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी

जल्दी मेनोपॉज की समस्या से बचने के लिए आप हार्मोन रिप्लेसमेंट थेरेपी (HRT) का सहारा भी ले सकती है। इससे शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन जैसे हार्मोन्स की मात्रा बढ़ाई जाती है, जिससे यह समस्या नहीं होती। मगर, थेरेपी लेने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

सिगरेट-शराब से दूर रहें

सिगरेट और शराब का सेवन मेनोपॉज के लक्षणों को और भी बदतर बना सकता है इसलिए जितना हो सकते इनसे दूरी बनाकर रखें।

Content Writer

Anjali Rajput