बेसन को कीड़ों से कैसे बचाएं? सिर्फ एक पत्ते से मिलेगा कमाल का फायदा
punjabkesari.in Sunday, Jul 27, 2025 - 04:46 PM (IST)

नारी डेस्क: भारतीय रसोई में बेसन का इस्तेमाल अक्सर पकवानों, मिठाइयों और नाश्तों में किया जाता है। लेकिन जैसे ही गर्मी या बरसात का मौसम आता है, बेसन में कीड़े लगने की समस्या आम हो जाती है। कई बार तो डिब्बा खोलते ही बेसन से दुर्गंध आने लगती है और छोटे-छोटे कीड़े उसमें रेंगते दिखाई देते हैं। ऐसे में न सिर्फ बेसन बर्बाद होता है, बल्कि सफाई में भी परेशानी होती है। आज हम आपको बताएंगे एक ऐसा घरेलू नुस्खा, जिसकी मदद से आप अपने बेसन को लंबे समय तक कीड़ों से बचा सकते हैं।
इस एक पत्ते को रखें डिब्बे में कीड़े नहीं लगेंगे
आपको जानकर हैरानी होगी कि सिर्फ तेजपत्ता (Bay Leaf) की मदद से आप बेसन को कीड़ों से पूरी तरह सुरक्षित रख सकते हैं। तेजपत्ता में ऐसे नेचुरल तत्व होते हैं, जो कीड़ों और पतंगों को दूर भगाते हैं। इसे केवल बेसन के डिब्बे में रख देने से कीड़े दूर रहते हैं और बेसन महीनों तक खराब नहीं होता।
तेजपत्ता कैसे रखें बेसन में? सही तरीका जानिए
सबसे पहले बेसन को किसी एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करें। अब उसमें 2-3 सूखे तेजपत्ते डाल दें। ध्यान रखें कि तेजपत्ता पूरी तरह सूखा हुआ हो, वरना उसमें नमी आ सकती है। डिब्बा बंद कर के किसी ठंडी और सूखी जगह पर रखें। बस इतना सा काम करके आप बेसन को लंबे समय तक सुरक्षित रख सकते हैं।
ये भी पढ़ें: महिलाओं की सबसे बड़ी दुश्मन है ये बीमारी, जानिए 3 ऐसे लक्षण
कौन-सी चीज़ें बचा सकती हैं बेसन को?
तेजपत्ते के अलावा कुछ अन्य घरेलू उपाय भी हैं जो बेसन को कीड़ों से बचा सकते हैं
नीम की सूखी पत्तियां : इनकी महक कीड़ों को दूर रखती है।
लौंग: कुछ लौंग भी डिब्बे में डालने से बेसन में कीड़े नहीं लगते।
हवा बंद डिब्बा: हमेशा एयरटाइट कंटेनर का इस्तेमाल करें, जिससे नमी और हवा अंदर न जा सके।
फ्रिज में रखें :अगर आपके पास जगह है, तो बेसन को फ्रिज में रखना सबसे अच्छा उपाय है।
बेसन को खरीदने के बाद तुरंत करें ये काम
जब भी आप बाजार से बेसन लाएं, उसे तुरंत पॉलिथीन से निकालकर किसी अच्छी क्वालिटी के प्लास्टिक या स्टील के कंटेनर में ट्रांसफर कर लें। इसमें तेजपत्ता डाल दें और कंटेनर को कसकर बंद करें।
ध्यान रखें कि कंटेनर को नमी या धूप वाली जगह पर न रखें। इससे बेसन की क्वालिटी खराब हो सकती है।
बेसन जैसी जरूरी चीज को खराब होने से बचाने के लिए कोई महंगी दवा या रसायन इस्तेमाल करने की ज़रूरत नहीं है। सिर्फ एक तेजपत्ता डाल देने से आप बेसन को कीड़ों से सुरक्षित रख सकते हैं। यह तरीका पूरी तरह प्राकृतिक और सेहत के लिए भी सुरक्षित है। अगली बार जब आप बेसन खरीदें, तो इस आसान टिप को जरूर अपनाएं और अपने घर के मसाले सुरक्षित रखें।