महिलाओं के लिए गानों में भद्दे शब्दों के इस्तेमाल पर बोले Honey Singh- ''फिर बेटी की शादी...!''

punjabkesari.in Sunday, Apr 16, 2023 - 06:30 PM (IST)

रैपर और सिंगर हनी सिंह अपनी नई एल्बम  'हनी सिंह 3.0' के साथ फिर से म्यूजिक इंडस्ट्री में तहलका मचाने को तैयार है। इस एल्बम का गाना नागिन शनिवार को ही रिलीज हुआ है। बॉलीवुड से दूर रहने के बाद हनी सिंह पिछले साल आई फिल्म 'भूल भुलैया 2' के गाने से फिर वापसी की और इस साल अक्षय कुमार और इमरान हाशमी की फिल्म 'सेल्फी' के लिए भी गाना गाया था। हमेशा से हनी सिंह की गानों के लिरिक्स को लेकर काफी अलोचना भी की गई है। उन पर मिसोजिनी को प्रमोट करने के आरोप लगते रहे हैं। नई एल्बम के साथ जनता को एंटरटेन करने आ रहे हनी सिंह से जब इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि वो ऐसा जानबूझकर नहीं करते हैं। 

गानों में 'मिसोजिनी' पर बोले हनी सिंह 

मीडिया से बातचीत करते हुए हनी ने अपने गानों में महिलाओं के लेकर 'भद्दे लिरिक्स' और गलत शब्दों इस्तेमाल करने को लेकर जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'पहले भी मैंने, इरादतन ऐसा कुछ नहीं लिखा। अगर ऐसा था, तो लोग सुनते क्यों हैं? अगर मेरे गानों में मिसोजिनी होती है, तो कोई मुझे अपनी बेटी की शादी में परफॉर्म करने क्यों बुलाएगा। मैंने पिछले 15 साल में कितनी सारी शादियों में परफॉर्म किया है। मैंने बहुत परफॉर्म किया है। आंटियां स्टेज पर आती हैं और मेरे साथ 'आंटी पुलिस बुला लेगी' लिरिक्स पर डांस करती हैं।'

हनी सिंह ने बताया लोगों को सेंसिटिव

रैपर ने अपनी बात रखते हुए 'करण अर्जुन' के गाने 'मुझको राणा जी माफ करना' का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय लोगों को इस गाने से कोई ऐतराज नहीं था।  हनी ने आगे कहा, 'लोग ज्यादा सेंसिटिव हो गए हैं, जितना ज्यादा वो पढ़ रहे हैं। वो ज्यादा सेंसिटिव होते जा रहे हैं। वो इसे गलत समझ रहे हैं। पहले लोग ज्यादा इंटेलेक्चुअल थे, इंटेलेक्चुअल होने और पढ़े-लिखे होने में एक फर्क होता है।' 


बता दें हनी सिंह 2015 के बाद से अपनी फिजिकल और मेंटल हेल्थ की वजह से ब्रेक पर चले गए थे। लेकिन धीरे-धीरे वो म्यूजिक की तरफ वापस लौटे हैं। उनकी लाइफ पर एक नेटफ्लिक्स डाक्यूमेंट्री भी बन रही है।  इस बीच 'इंटरनेशनल विलेजर' और 'देसी कलाकार' के बाद हनी अपने तीसरे एल्बम 'हनी सिंह 3.0' को रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।

Content Editor

Charanjeet Kaur