अंगूर का रस लगाने से तिल होंगे गायब, जानें और भी कई घरेलू नुस्खें

punjabkesari.in Saturday, Sep 05, 2020 - 02:39 PM (IST)

किसी के भी चेहरे पर पड़े तिल को ‘ब्यूटी स्पॉट’ के नाम से जाना जाता है। बहुत से लोग इसे खूबसूरती की निशानी भी कहते हैं। मगर चेहरे पर बड़ा, गहरा व एक साथ कई तिल होने पर ये चेहरे की खूबसूरती को दाग लगाने का काम करते हैं। ये सुंदर लगने की जगह गंदे लगते हैं। ऐसे में अगर कहीं आप भी तिल से जुड़ी इन समस्याओं से परेशान है तो इस पर उदास होने की जगह आप हमारे बताएं इन घरेलू नुस्खों को ट्राई कर सकते हैं। सभी नुस्खें घरेलू होने के चलते इससे स्किन को कोई नुकसान होने का भी खतरा नहीं होगा। इन चीजों के इस्तेमाल से आप बड़ी कोमलता से अपने चेहरे पर पड़े तिल को हल्का या हटा सकते हैं। 

एलोवेरा जेल

त्वचा की खूबसूरती को निखारने व बढ़ाने के एलोवेरा जेल का इस्तेमाल किया जाता है। इससे स्किन प्रॉब्लम्स दूर होने के साथ चेहरे पर पड़े तिल को हटाने में भी मदद मिलती है। इसे लगाने के लिए एलोवेरा जेल को से चेहरे की हल्के हाथों से मसाज करें। इसे तिल वाली जगह पर ज्यादा लगाकर करीब 2 घंटे के लिए लगा रहने दें। बाद में इसे पानी से साफ कर लें। 

अंगूर का रस

अंगूर का रस निकाल कर प्रभावित जगह पर लगाने से भी तिल दूर होने में मदद  मिलती है। इसके लिए कुछ अंगूरों को मिक्सी में डालकर उसका रस निकाल लें। फिर उसे कॉटन की मदद से दिन में 2-3 बार तिल पर लगाकर थोड़ी देर रखें। उसके बाद इसे ताजे पानी से धो लें। 

अलसी का तेल और शहद

एक कटोरी में 1-1 चम्मच अलसी के बीजों का तेल और शहद को मिक्स करें। तैयार मिश्रण को 1 घंटे को लिए अपने तिल पर लगाकर रखें। बाद में इसे ताजे पानी से साफ कर लें। इसे दिन में 2 बार लगाने से जल्दी ही असर देखने को मिलेगा।

नमक और पेट्रोलियम जेली

पेट्रोलियम जेली को चेहरे की खूबसूरती निखारने के लिए अलग- अलग तरीकों से इस्तेमाल किया जाता है। ऐसे में इसे नमक के साथ प्रभावित जगह पर लगाने से तिल की परेशानी दूर होने में मदद मिलती है। इसे लगाने के लिए सबसे पहले तिल वाली जगह पर  पेट्रोलियम जेली लगा लें। फिर उसके ऊपर थोड़ा सा नमक लगाएं। 3-5  मिनट के बाद चेहरे को पानी से धो लें। अगर आपको नमक के कारण त्वचा पर जलन महसूस हो तो इसे तुरंत हटा दें। 

स्ट्रॉबेरी

तिल को हटाने के लिए स्ट्रॉबेरी बेहद कारीगर साबित होती है। इसे लगाने के लिए ताजी स्ट्रॉबेरी को काट कर उसे तिल वाली जगह पर हल्के हाथों से रगड़ें। थोड़ी देर बाद इसे ताजे पानी से साफ कर लें। ऐसा कई दिनों तक लगातार करने से जल्दी ही असर दिखेगा। 

चकोतरे के बीज ( ग्रेप फ्रूट सीड) 

इसके बीजों का जूस निकाल कर प्रभावित जगह पर लगाकर ऊपर से बैंडेज लगा दें। कुछ घंटों बाद इसे निकाल कर थोड़ी देर रूके और फिर दोबारा से इसे दोहराएं। इसतरह दिन में 2- 3 बार इसे करने से कुछ ही दिनों में तिल से छुटकारा मिल जाएगा। 

मूली

मूली पौष्टिक गुणों से भरी होती है। यह सेहत को बरकरार रखने के साथ खूबसूरती निखाने का भी काम करती है। ऐसे में चेहरे पर अनगिनत तिल होने पर मूली का रस उसे हटाने में काफी फायदेमंद साबित होता है। इसे लगाने के लिए सबसे पहले मूली को कद्दूकस करके उसका जूस निकाल लें। फिर इसे प्रभावित जगह पर दिन में 2-3 बार लगाए। कई दिनों तक इस उपाय को करने से तिल की समस्या से जल्द ही राहत मिलेगी। 

ध्यान रखें, जब भी घर से बाहर जाए तो अपने चेहरे को अच्छे से कवर करके ही रखें। असल में, तेज धूप त्वचा पर पड़ने से स्किन से जुड़ी परेशानियां होने के साथ तिल के निशान और भी गहरे हो सकते हैं।
 

Content Writer

neetu