Dark Underarms से छुटकारा दिलाएगा नींबू, जानिए और भी घरेलू उपाय

punjabkesari.in Thursday, Jul 29, 2021 - 12:03 PM (IST)

गर्मियों में लड़कियों को स्लीवलेस पहनना बेहद पसंद आता है। मगर कई लड़कियों की अंडरआर्म्स में कालापन होने से वे अपने मनपसंद आउटफिट पहन नहीं पाती है। वहीं इसके साथ कई लड़कियों को अंडरआर्म्स पर अधिक पसीना व बदबू आने की भी समस्या होती है। मगर इससे परेशान होने की जगह पर आप कुछ घरेलू उपायों को अपनाकर इससे छुटकारा पा सकती है। चलिए आज हम आपको इस समस्या से राहत पाने के कुछ आसान देसी उपाय बताते हैं। मगर उससे पहले जानते हैं अंडरआर्म्स का काला पड़ने के कारण...

अंडरआर्म्स का काला पड़ने के कारण

. ज्यादा बार हेयर रिमूवल क्रीम्स इस्तेमाल करना
. कैमिकल्स वाले परफ्यूम्स, डिओ लगाना
. इसके साथ ही अधिक मात्रा में अंडरआर्म्स पर पसीना आना

इससे छुटकारा पाने के कुछ घरेलू उपाय


ब्राउन शुगर और ऑलिव ऑयल

ब्राउन शुगर में एक्सफोलिएटर गुण होते हैं। ऐसे में आप अंडरआर्म्स का कालापन दूर करने के लिए इसका इस्तेमाल कर सकती है। इसके लिए एक कटोरी में 1 बड़ा चम्मच ब्राउन शुगर और जरूरत अनुसार ऑलिव ऑयल मिलाएं। इससे गाढ़ा पेस्ट बनाकर अंडरआर्म्स पर 2 से 3 मिनट कर स्क्रब करें। 5-10 मिनट तक इसे लगा रहने दें। बाद में हल्के हाथों से रगड़ते हुए इसे साफ करके ताजे पानी से धो लें। इससे हफ्ते में 2-3 बार लगाने से ही आपको फर्क नजर आएगा।

बेकिंग सोडा

अंडरआर्म्स का कालापन दूर करने में बेकिंग सोडा फायदेमंद माना जाता है। इसके लिए 1 बड़ा चम्मच बेकिंग सोडा में जरूरत अनुसार पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं। फिर इसे प्रभावित जगह पर 5-10 मिनट तक लगाएं। बाद में पानी से धो लें। यह डेड स्किन सेल्स साफ करके त्वचा का कालापन दूर करने में मदद करेगा। आप इस उपाय को हफ्ते में 2 बार कर सकती है।

सेब का सिरका और बेकिंग सोडा

त्वचा निखारने व स्किन संबंधी समस्याओं से छुटकारा दिलाने में सेब का सिरका वह बेकिंग सोडा फायदेमंद माने जाते हैं। ऐसे में आप इसे अंडरआर्म्स का कालापन दूर करने में भी इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए 4 बड़े चम्मच सेब का सिरका में जरूरत अनुसार बेकिंग सोडा मिलाकर पेस्ट बनाएं। इसे प्रभावित जगह पर लगाकर हल्के हाथों से मसाज करें। फिर 10-15 मिनट तक इसे लगा रहने दें। बाद में हल्के हाथों से रगड़ते हुए इसे साफ करें और पानी से धो लें। यह डेड स्किन को साफ करके त्वचा को गहराई से पोषित करेगा। ऐसे में स्किन साफ, निखरी, मुलायम नजर आएगी‌। इस मिश्रण को आप हफ्ते में 2-3 बार लगा सकती है।

नींबू

नींबू में मौजूद नेचुरल ब्लीचिंग एजेंट त्वचा का कालापन दूर करने में मदद करते हैं। ऐसे में आप इसे अंडरआर्म्स का कालापन दूर करने में इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके लिए रोजाना नहाने से पहले एक नींबू का टुकड़ा 5 मिनट तक अंडरआर्म्स पर रगड़े। इससे त्वचा की रंगत निखरने के साथ पसीना व बदबू आने से भी बचाव रहेगा। मगर वैक्सिंग या रेंजर इस्तेमाल करने के बाद इस नुस्खे को न अपनाएं। असल में, इनसे कई बार स्किन कट जाती है। ऐसे में प्रभावित जगह पर नींबू लगाने से जलन व दर्द हो सकती है।

Content Writer

neetu