बलगम वाली खांसी ने कर दिया है परेशान तो अपनाएं ये 5 घरेलू नुस्खे

punjabkesari.in Monday, Nov 06, 2023 - 10:38 AM (IST)

खांसी के साथ बलगम आना वैसे तो आम समस्या है लेकिन कई बार यह कुछ गंभीर परेशानियां का संकेत भी हो सकता है जैसे टीबी। ऐसे में यदि आपको लंबे समय से खांसी के साथ बलगम आने की समस्या का सामना करना पड़ रहा है तो डॉक्टर से संपर्क जरुर करें। सर्दी-जुकाम के बाद अक्सर बलगम वाली खांसी से जूझना पड़ता है। मौसम में बदलाव होने पर इंफेक्शन की चपेट में आने के कारण इस समस्या का जोखिम काफी बढ़ जाता है। कई बार दवाई लेने पर भी यह समस्या ठीक नहीं होती। ऐसे में आज आपको कुछ घरेलू नुस्खे बताते हैं जिनके जरिए आप बलगम वाली खांसी से राहत पा सकते हैं। आइए जानते हैं....

तुलसी की चाय 

औषधीय गुणों से भरपूर तुलसी का सेवन आप बलगम वाली खांसी से राहत पाने के लिए कर सकते हैं। दिन में 2-3 बार  तुलसी, अदरक से बनी चाय में शहद मिलाकर पिएं। इससे आपको समस्या से राहत मिलेगी। 

भाप लें 

गर्म पानी में कपूर डालकर भाप लेने से बंद नाक खोलने, गले की खराश, सूजन कम करने और बलगम  बाहर निकालने में भी मदद मिलती है। दिन में 2-3 बार इस उपाय को करने से आपको बलगम वाली खांसी से राहत मिलती है। कपूर की जगह गर्म पुदीने के तेल डालकर भाप लेने से भी आपको बलगम वाली खांसी से काफी आराम मिलेगा। 

शहद और काली मिर्च 

इन दोनों चीजों के मिश्रण से न सिर्फ खांसी बल्कि छाती में जमे बलगम से भी आराम मिलता है। दिन में 2-3 बार 1 चम्मच शहद के साथ 4-5 काली मिर्च का सेवन कर सकते हैं।  

शहद और अदरक 

दोनों ही चीजें एंटीऑक्सीडेंट्स और एंटीइंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होती हैं। ऐसे में 1 चम्मच शहद के साथ एक छोटा टुकड़ा अदरक का चबाएं। इसके अलावा आप अदरक को पानी में उबालकर शहद मिलाकर पिएं। आपको खांसी से काफी आराम मिलेगा।

गरारे करें 

गले की खराश कम करने के लिए आप गरारे कर सकते  हैं। इससे भी आपको खांसी से काफी आराम मिलेगा। गरारे करने से बलगम को ढीला करने और गले की सूजन दूर करने में भी मदद करती है। एक गिलास पानी में  आधा चम्मच सेंधा नमक मिलाएं और 10 मिनट तक गरारे करें। आपको  गले की खराश से राहत मिलेगी। 

Content Writer

palak