दवा नहीं ये घरेलू नुस्खे दूर करेंगे घुटने का दर्द

punjabkesari.in Tuesday, Feb 27, 2024 - 10:05 AM (IST)

बढ़ती उम्र के कारण स्वास्थ्य से जुड़ी कई समस्याएं होने लगती हैं, उन्हीं समस्याओं में से एक है घुटने का दर्द।  उम्र बढ़ने के साथ-साथ घुटनों में दर्द होने लगता है। इस दर्द के कई कारण हो सकते हैं जैसे गठिया की समस्या, शरीर में पोषक तत्वों की कमी होना, मोटापा बढ़ना, जोड़ों के बीच में से ग्रीस खत्म होना, शरीर में विटामिन-सी, विटामिन-डी और कैल्शियम की कमी होना, घुटने का अर्थराइटिस आदि। हालांकि दर्द होने पर सभी सबसे पहले दर्द की दवाई ही खाते हैं लेकिन आप कुछ घरेलू नुस्खों के जरिए भी दर्द से राहत पा सकते हैं। आज आपको इस आर्टिकल के जरिए कुछ ऐसे घरेलू नुस्खे बताते हैं जिनका इस्तेमाल करके आप दर्द दूर कर सकते हैं।

हल्दी वाला दूध

घुटने के दर्द से राहत पाने के लिए आप हल्दी के दूध का सेवन कर सकते हैं। एक गिलास गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी पाउडर मिलाकर रात में सोने से पहले पीएं। इस दूध का सेवन करने से दर्द से आपको राहत मिलेगी। हल्दी पाउडर की जगह कच्ची हल्दी को पीसकर दूध में मिलाकर पीने से भी आपको दर्द में आराम मिलेगा। 

एलोवेरा 

एलोवेरा के जरिए भी आप दर्द से राहत पा सकते हैं। एलोवेरा का गूदा निकालकर उसमें हल्दी पाउडल मिलाकर गर्म करके दर्द वाली जगह पर लगाएं। इससे आपको दर्द और सूजन से काफी आराम मिलेगा। 

शहद, घी और त्रिफला

शहद के साथ त्रिफला पाउडर का सेवन करने से दर्द से आराम मिलेगा। 1/2 चम्मच त्रिफला पाउडर में 1 चम्मच शहद मिलाएं। फिर इसमें 1/2 चम्मच देसी घी मिलाएं। रोज सुबह इस मिश्रण का सेवन करने से आपको दर्द में काफी आराम मिलेगा। 

मेथी दाना 

दर्द दूर करने के लिए मेथी दाना फायदेमंद हो सकता है। 1/2 चम्मच मेथी दाने का पाउडर खाने के बाद सुबह शाम गर्म पानी के साथ लें। इसके अलावा 1/2 चम्मच मेथी दाने को 1/2 गिलास पानी में भिगो दें। सुबह खाली पेट इस मिश्रण को चबाकर खाएं और पानी पिएं आपको खुद ही असर दिखने लगेगा। 

तुलसी का रस 

तुलसी का रस भी दर्द दूर करने में मदद करेगा। 1 चम्मच तुलसी के पत्तों का रस निकाल लें, फिर इसे गुनगुने पानी में मिलाकर पिएं। रोजाना इस पानी का सेवन करने से आपको दर्द से आराम मिलेगा। 

अदरक 

दर्द को दूर करने के लिए अदरक फायदेमंद हो सकता है। सर्दियों में इसका सेवन जरुर करना चाहिए। चाय, सब्जी, चटनी और अचार के जरिए आप इसे डाइट में शामिल कर सकते हैं। इससे सिर्फ घुटने का दर्द ही नहीं बल्कि जोड़ों का दर्द, खांसी-जुकाम और सांस रोग में भी राहत मिलेगी। 

Content Writer

palak