हीट स्ट्रोक से बचाएंगे ये टिप्स, देसी नुस्खे भी आएंगे काम

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2020 - 09:55 AM (IST)

गर्मी इस समय अपने पूरे चरम पर है। जहां तेज गर्मी के कारण घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है वहां इस दौरान लू यानि हीट स्ट्रोक लगने का डर भी रहता है। लू लगने पर उल्टियां होने लगती हैं, जिससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है। अगर समय रहते इलाज ना किया जाए तो यह जानलेवा भी साबित हो सकती है। मगर, आज हम आपको कुछ ऐसे घरेलू टिप्स देंगे, जोकि गर्मी में आपको लू से बचाने में मदद करेंगे।

क्या है हीट स्ट्रोक?

अधिक गर्म और शुष्क हवाओं को लू कहा जाता है। इन गर्म हवाओं का तापमान सामान्य से अधिक होता है, जो मार्च से जुलाई के बीच चलती हैं।  शोध के अनुसार, भारत में हर साल लगभग 40 लाख से अधिक मामले लू लगने के होते हैं।

हीट स्ट्रोक के लक्षण

. तेज बुखार व बेहोशी
. सिरदर्द और थकावट
. उल्टी और चक्कर आना
. खूब पसीना आना
. त्वचा पर रैशेज होना
. मांसपेशियंओं और पेड़ू में ऐंठन

किसे होता है हीट स्ट्रोक का अधिक खतरा

- अधिक मोटे लोगों को
- जो लोग शारीरिक रूप से कमजोर होते हैं
- हृदय रोग से जुड़े लोगों को
- छोटे बच्चों को

चलिए अब जानते हैं गर्मियों में हीट स्ट्रोक से बचने के टिप्स...
बॉडी को कवर करें

घर से बाहर निकलते समय छाता लेकर निकलें और शरीर को पूरी तरह से कवर करें। साथ ही हल्के, ढीले और पूरी आस्तिन वाले कपड़े ही पहने और सिर को हमेशा कवर कर कर के रखें।

इस समय न जाएं बाहर

ठंडी जगह पर रहें और 12-3 बजे के बीच आउटडोर एक्टिविटीज से दूर रहें। कमरे के तापमान को कम कर दें और खिड़कियां खुली रखें।

भरपूर पानी पीएं

हीट स्ट्रोक से बचने के लिए रोजाना कम से कम 2 से 3 लीटर पानी पिएं। इसके अलावा आप छाछ, चावल का पानी, नींबू या आम का रस और दाल का सूप का सेवन भी कर सकते हैं।

हरा धनिया

हरे धनिए की पत्तियां पानी में भिगोकर रखें और फिर इसे ब्लैंड करें। अब इसमें थोड़ी-सी चीनी मिलाकर पीएं।

आम पन्ना

आम पन्ना को गर्मी का स्वस्थ्य टॉनिक भी कहा जाता है। रोजाना इसका सेवन ना सिर्फ शरीर को ठंडक देकर लू से बचाता है बल्कि इससे आप अन्य बीमारियों के खतरे से भी बचे रहते हैं।

छाछ

छाछ में काला नमक और जीरा मिलाकर पीने से लू नहीं लगती। साथ ही यह शरीर में पानी की कमी भी नहीं होने देती।

नारियल पानी

गर्मियों में नारियल पानी पीना किसी औषधी से कम नहीं है। रोजाना नारियल पानी से लू लगने का खतरा नहीं रहता।

नींबू

सादे पानी की बजाए बोतल में नींबू पानी डालकर पीएं। इससे शरीर में पानी की कमी भी पूरी होगी और ये आपको लू से भी बचाएगा।

पुदीना

पुदीना गर्मी से राहत देने के लिए काफी उपयोगी है। यह पेट की जलन को शांत करता है और इससे लू भी नहीं लगती। साथ इससे पाचन क्रिया भी दुरूस्त रहती है।

इमली का पानी

इमली की तासीर ठंड़ी होती है। गर्मी के मौसम में इसका सेवन करने से हैल्थ अच्छी रहती है। इमली में पानी में शक्कर मिला कर पीने से लू से बचाव रहता है।

बेल का शर्बत

लू से बचाव रखने के लिए बेल का शर्बत पीएं। इसे पीने से शरीर में पानी की कमी पूरी होती है और गर्मी से भी बचाव रहता है।

हीट स्ट्रोक होने पर क्या करें

1. हीट स्ट्रोक होने पर तुरंत अस्पताल ले जाएं।
2. जब तक डॉक्टर ना आ जाएं, तब तक किसी ठंडी जगह पर ही रहें और पैरों को ऊपर उठाकर रखें।
3. अगर इंसान होश है तो ढ़ेर सारा पानी पीलाएं।
4. धीरे-धीरे शरीर को बर्फ के पैक से ठंडा करें, ठंडा स्प्रे करें या ठंडे पानी से स्पंज करें।
5. ज्यादा देर तक बाहर रहने पर शरीर और कपड़ों पर पानी का छिड़काव करें।

Content Writer

Anjali Rajput