Home Decor Ideas:  ड्राइंग रूम की शान फूलदान में नकली नहीं लगाएं असली फूल

punjabkesari.in Saturday, Jun 11, 2022 - 04:03 PM (IST)

ड्राइंग रूम की सजावट बहुत मायने रखती है। वहां रखे फूलदान में यदि खूबसूरत फूल लगे हों तो सजावट में चार चांद लग जाते हैं। अब यदि यह फूल नकली  की जगह असली हों तो, उनके आकर्षण की बात कुछ और है। आइए देखते हैं कि इन असली फूलों को फूलदान में कैसे सजाएं ताकि उनकी ताजगी की आकर्षण लंबे समय तक बनी रहे।


फूलदान में लगाएं भिन्न-भिन्न फूल

फूलदान में हर दिन भिन्न-भिन्न फूलों को लगाया जा सकता है। इससे विविधता और नयापन लगता है। यदि रंग-बिरंगे फूल लगे हों, तो उनकी छटा निराली होती है और यह देखने वालों का मन मोह लेते हैं। ऐसा लगता है कि प्रकृति का समूचा सौंदर्य एक छोटे से फूलदान में सिमट आया हो। रंग-बिरंगे फूलों को फूलदान में सजाते समय याद रखें कि पत्त‍े हरे रंग के ही हों। तभी उनका  आकर्षण   कायम रहेगा।

ताजे फूलों का करें इस्तेमाल

फूलदान में सजाने के लिए फूल ताजे ही होने चाहिए। यदि पुराने या बासी फूल लगाएंगे तो वे घंटे आधे घंटे में ही अपना आकर्षण खो देते हैं। फूलों को सदैव प्रात: काल का सायंकाल ही पौधों से तोड़ना चाहिए। इस समय तोड़े गए फूल में एक नैसर्गिक नमी रहती है और वे अधिक टिकाऊ होते हैं। फूलदान में सजाने के लिए पौधों से केवल उन्हें फूलों को चुनना चाहिए जो अधखिले हों या ताजा खिले हों, पूरे खिले हुए फूल जल्दी झड़ जाते हैं।

प्रतिदिन बदलें फूलदान का पानी

पत्तियां फूलों की नमी को खींच लेती हैं और फूल शीघ्र ही मुरझा जाते हैं। इसलिए डंठल सहित फूल तोड़ने के बाद के निचले भाग से पत्तियां तोड़कर ही उन्हें फूलदान में लगाएं। फूलदान का पानी प्रतिदिन बदलना चाहिए। यदि फूलदान के पानी में नमक थोड़ा सा मिला दिया जाए, तो फूल अधिक समय तक ताजे रहते हैं।


कपूर से नहीं मुरझाएंगे फूल

कपूर भी फूलों की ताजगी बनाए रखता है। फूलदान के पानी में यदि थोड़ा सा कपूर डाल दिया जाए तो फूल जल्दी मुरझाएंगे नहीं। बोरिक एसिड से भी आप फूलों को ताजा बनाए रख सकती हैं। इसके लिए 10 भाग पानी में एक भाग बोरिक एसिड मिलाना चाहिए। पानी में सिरका शक्कर मिलाकर फूल सजाने से भी उनकी उम्र बढ़ जाती है।
 

Content Writer

vasudha