हिमाचली बेटी ने एक महीने में 4 पर्वत चोटियों की फतह, ड्राइवर पिता का सीना हो गया गर्व से चौड़ा

punjabkesari.in Wednesday, May 25, 2022 - 10:22 AM (IST)

हिमाचल प्रदेश की बेटी बलजीत कौर ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर फतेह हासिल कर इतिहास रच दिया है। दुनिया के चौथे सबसे ऊंचे पर्वत माउंट ल्होत्से पर सफलतापूर्वक चढ़ाई करने के बाद बलजीत कौर ऐसी पहली भारतीय पर्वतारोही बन गई हैं जिन्होंने एक महीने से भी कम समय में आठ हजार मीटर की ऊंचाई वाली चार पर्वत चोटियों पर चढ़ाई की।

पीक प्रोमोशन प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक पासंग शेरपा ने बताया कि कौर (27) हिमाचल प्रदेश की रहने वाली हैं और उन्होंने रविवार को माउंट ल्होत्से को फतह किया था। एक सीजन में, आठ हजार मीटर ऊंची चार चोटियों पर चढ़ने वाली पहली भारतीय महिला बन गई हैं। पिछली बार वह महज 300 मीटर की दूरी से रह गई थी।

देश की जांबाज बेटी ने  8,000 की मीटर की दो चोटियों को दो सप्ताह में फतह कर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इसके साथ ही वह एक महीने में 8,000 मीटर की चार चोटियों को फतह करने वाली पहली भारतीय महिला पर्वतारोही भी बन गई है। बलजीत ने  22 मई को माउंट एवरेस्ट पर फतह हासिल की। अगले ही दिन दुनिया की चौथी सबसे ऊंची चोटी माउंट लाहोत्से पर देश का तिरंगा फहराने के लिए निकल पड़ी।

बलजीत कौर ने अपनी गाइड मिंगमा शेरपा के साथ दुनिया की चौथी सबसे ऊंची चोटी को सफलतापूर्वक फतह किया। सोलन क्षेत्र के पंजरोल गांव की बलजीत कौर के पिता अमरीक सिंह  हिमाचल प्रदेश में राज्य सड़क परिवहन निगम में चालक हैं। अपनी बेटी की इस उपलब्धि को देख उनका सीना गर्व से चौड़ा हो गया।


इस बहादुर बेटी की मां शांति देवी ने बताया कि-   बलजीत को बचपन से ही पहाड़ों पर चढऩे का शौक था। वह एनसीसी कैडेट रह चुकी है। एनसीसी के कैंप के दौरान उसने पर्वतारोहण का प्रशिक्षण लिया। बलजीत ने 2016 में पहली बार माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा लहराने का प्रयास किया था पर उस दौरान ऑक्सीजन मास्क खराब होने की वजह से उसे बीच में ही वापस लौटना पड़ा था। वह अब तक कई पहाड़ों की ऊंची-ऊंची चोटियां नाप चुकी है।

Content Writer

vasudha