हाथ-पैर में जलन के चलते नहीं आती नींद, तलवों पर सेंक निकलना के पीछे बड़ी समस्या
punjabkesari.in Wednesday, Apr 29, 2026 - 09:23 PM (IST)
नारी डेस्कः गर्मी के मौसम में हाथ-पैरों में सेंक (heat sensation) और खासकर तलवों में जलन होना एक आम समस्या है लेकिन इसके पीछे हैल्थ से जुड़े कई अलग-अलग कारण हो सकते हैं। इसे हल्के में लेना ठीक नहीं है, क्योंकि कभी-कभी यह किसी बीमारी का संकेत भी हो सकता है। चलिए आज इसके कारणों को समझते हैं।
तलवों में जलन क्यों होती है?
1. गर्मी और शरीर का ओवरहीट होना
जब ज्यादा तापमान में शरीर गरम हो जाता है तो इससे पसीना और डिहाइड्रेशन बढ़ता है। इससे तलवों और हथेलियों में जलन महसूस होती है। ऐसे में शरीर को ठंडा रखने वाले फलों का सेवन करना चाहिए और ज्यादा से ज्यादा लिक्विड पीना चाहिए।
2. पानी की कमी (Dehydration)
जिन लोगों के शरीर में पानी की कमी होती हैं उन्हें सबसे ज्यादा ये समस्या रहती है। शरीर में पानी की कमी से इलेक्ट्रोलाइट असंतुलन होता है।
इससे नसों पर असर पड़ता है और जलन बढ़ सकती है।
3. नसों से जुड़ी समस्या
कई बार जिन लोगों के शरीर में लगातार ये समस्या बनी रहे तो समस्या नसों से जुड़ी भी हो सकती है जैसे Peripheral Neuropathy हो जाती है। इसमें नसें डैमेज हो जाती हैं। इससे जलन, झुनझुनी और सुन्नपन जैसी दिक्कतें होती हैं।
4. डायबिटीज (मधुमेह)
डायबिटीज के मरीजों को भी यह समस्या आम ही रहती है। शुगर बढ़ने से नसों को नुकसान होता है और हाथ पैर में सेंक जलन जैसी समस्या बनती है।
5. विटामिन की कमी
अगर शरीर में विटामिन्स की कमी है तो भी नसों की कमजोरी व जलन हो सकती है। खासकर Vitamin B12 की कमी इससे नसों में कमजोरी और जलन होती है।
6. फंगल इंफेक्शन
पैरों में पसीना और गंदगी से खुजली, लालपन और जलन हो सकती है और यह समस्या गर्मी के मौसम में आम ही हो जाती है। इसका समय पर इलाज करवाना जरूरी होता है। कई बार टाइट या गलत जूते पहनने से पैरों के तलवों में ये समस्या उत्पन्न हो जाती है। ज्यादा देर तक बंद जूते पहनने से हवा नहीं लगती। गर्मी और जलन बढ़ती है।
7. शराब और धूम्रपान
जो लोग बहुत अधिक एल्कोहल व धूम्रपान का सेवन करते हैं उन्हें भी ये समस्या हो सकती है क्योंकि इससे नसों में कमजोरी आती हैं औऱ जलन व दर्द बढ़ सकता है।
8. हाथ पैर के तलवों में जलन होने के अन्य कारण
थायरॉइड समस्या
किडनी या लीवर से जुड़ी बीमारी
ज्यादा मसालेदार खाना
कब डॉक्टर को दिखाएं?
अगर ये लक्षण दिखें तो देरी न करें
जलन लंबे समय तक बनी रहे।
साथ में सुन्नपन या दर्द हो।
डायबिटीज के मरीज हों।
रात में जलन ज्यादा बढ़े।
डॉक्टरी सलाह से पहले समस्या होने के सटीक कारणों को जाने फिर आगे इलाज शुरू करें।
घरेलू उपाय (राहत के लिए)
ठंडे पानी में पैर डुबोकर रखें।
खूब पानी पिएं (ORS/नारियल पानी)।
ढीले और खुले जूते पहनें।
पैरों को साफ और सूखा रखें।
एलोवेरा जेल या नारियल तेल से हल्की मालिश करें।

