दांतों का दोस्त पर हार्ट और किडनी का दुश्मन है आपका  Toothpaste ! कार्डियोलॉजिस्ट ने दी चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, Jun 24, 2026 - 03:07 PM (IST)

नारी डेस्क: गर्मी के मौसम में बर्फ के चटपटे गोले, ठंडी शरबत या आइस्क्रीम का मजा हर कोई लेना चाहता है, लेकिन कुछ लोग अपने दांतों के कारण इन चीजों से दूरी बना लेते हैं । क्योंकि इनसे उनके दातों में तेज झनझनाहट महसूस होती है। संवेदनशील दांत ठंडी चीजों को नहीं झेल पाते।  इससे निपटने के लिए, कई लोग सेंसिटिव दांतों के लिए बने टूथपेस्ट का इस्तेमाल करते हैं, जो राहत देने का दावा करते हैं। ये टूथपेस्ट सेंसिटिविटी से भले ही राहत देते हों, लेकिन इनमें मौजूद कुछ चीज़ों की वजह से एक ऐसी समस्या भी हो सकती है जिसके बारे में कम ही लोग जानते हैं।

PunjabKesari
दिल के लिए सुरक्षित नहीं हैं ये टूथपेस्ट

HT लाइफ़स्टाइल को दिए इंटरव्यू में फोर्टिस हॉस्पिटल गुरुग्राम में कार्डियोलॉजी के डायरेक्टर डॉ. संजत चिवाने ने बताया कि कुछ सेंसिटिव टूथपेस्ट में पोटैशियम नाइट्रेट जैसे तत्व होते हैं। जो लाेग दिल की दवाएं ले रहे हैं उन्हें सावधानी बरतनी चाहिए। कार्डियोलॉजिस्ट ने समझाया कि-  "पोटैशियम नाइट्रेट दांत के खुले हिस्सों में नसों की गतिविधि को शांत करके काम करता है, जिससे सेंसिटिविटी से होने वाला दर्द कम हो जाता है।" आसान शब्दों में कहें तो, यह दांत के अंदर की नसों को शांत करने में मदद करता है, पर इसके बावजूद ये दिल के लिए सुरक्षित नहीं है। 


दिल की धड़कन पर होता है ये असर

कार्डियोलॉजिस्ट बताते हैं कि- "पोटैशियम उन इलेक्ट्रिकल सिग्नल को कंट्रोल करने में मदद करता है जिनसे दिल एक तालमेल के साथ धड़कता है। जब पोटैशियम का लेवल बहुत ज़्यादा बढ़ जाता है, तो दिल के इलेक्ट्रिकल सिस्टम पर असर पड़ सकता है, जिससे दिल की धड़कन अनियमित हो सकती है। गंभीर मामलों में, बिना इलाज वाले हाइपरकलेमिया के कारण दिल से जुड़ी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।" सेंसिटिव टूथपेस्ट में मौजूद पोटैशियम नाइट्रेट से ज़्यादातर लोगों को सेहत से जुड़ी कोई बड़ी समस्या होने की संभावना नहीं है।  जिन लोगों को पहले से ही दिल या किडनी की बीमारी है, या जो कुछ खास दवाइयां ले रहे हैं, उन्हें ज़्यादा सावधानी बरतने की ज़रूरत हो सकती है। इसीलिए, समस्या सिर्फ़ टूथपेस्ट में नहीं है, बल्कि यह मरीज़ की सेहत की कुल स्थिति पर निर्भर करती है।

PunjabKesari
इन लोगों को सतर्क रहने की जरूरत

कार्डियोलॉजिस्ट ने ऐसे मरीज़ों की कुछ कैटेगरी बताई हैं, जिन्हें सेंसिटिव टूथपेस्ट इस्तेमाल करने से पोटैशियम का लेवल बढ़ने का खतरा ज़्यादा होता है, जैसे: हाई ब्लड प्रेशर या हार्ट फेलियर के लिए ACE इनहिबिटर्स लेने वाले लोग, एंजियोटेंसिन रिसेप्टर ब्लॉकर्स लेने वाले मरीज, पोटैशियम-स्पेयरिंग डाइयुरेटिक्स लेने वाले लोग, क्रोनिक किडनी की बीमारी वाले लोग, एडवांस्ड हार्ट फेलियर वाले मरीज़। दिल की बीमारियों वाले लोगों के अलावा, किडनी से जुड़ी समस्याओं वाले मरीज़ों को भी सेंसिटिव टूथपेस्ट इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतनी चाहिए। कार्डियोलॉजिस्ट ने बताया कि किडनी का काम शरीर में पोटैशियम के बैलेंस से गहराई से जुड़ा होता है। जब किडनी का काम ठीक से नहीं हो पाता, तो शरीर में ज़्यादा पोटैशियम आसानी से जमा होने लगता है। इसका असर दिल पर भी पड़ता है।


नोट: यह आर्टिकल सिर्फ़ जानकारी देने के मकसद से है, किसी भी मेडिकल स्थिति के बारे में पहले डॉक्टर से सलाह लें।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

vasudha

Related News

static