Thyroid Diet Plan: जानिए थायराइड के मरीजों को क्या खाना चाहिए और क्या नहीं

punjabkesari.in Friday, Sep 09, 2022 - 02:52 PM (IST)

 खराब लाइफस्टाइल के कारण डायबिटीज, थायराइड, यूरिक एसिड जैसी बीमारियां बढ़ती ही जा रही हैं। कही न कहीं गलत खानपान भी इन बीमारियों को बढ़ावा दे रहा है। हाइपोथायरायडिज्म थायराइड में आपका वजन बढ़ जाता है। यह एक ऐसी परिस्थिति है जिसमें शरीर में पर्याप्त रुप में हार्मोन नहीं बन पाता। थायराइड हार्मोन विकास, कोशिका की मरम्मत करने और मेटाबॉल्जिम को नियंत्रित करने में सहायता करते हैं। हाइपोथायरायडिज्म से पीड़ित लोगों को थकान, बालों का झड़ना, वजन का बढ़ना, ठंड लगना जैसी समस्याएं हो सकती हैं। थायराइड आयोडीन की कमी के कारण हो सकता है। इस बीमारी से राहत पाने के लिए आपको अपनी डाइट का खास ध्यान रखना होगा। तो चलिए आपको बताते हैं कि आपको थायराइड से राहत पाने के लिए किन-किन फूड्स का सेवन करना चाहिए और किनसे परहेज करना चाहिए। 

थायराइड में खाएं ये चीजें

अंडा 

आप अंडे का सेवन कर सकते हैं। अंडे के पीले भाग में आयोडीन और सेलेनियम पाया जाता है, जबकि सफेद भाग में भरपूर मात्रा में प्रोटीन पाया जाता है। 

मांस 

आप हर प्रकार के मांस जैसे-चिकन, मीट आदि चीजों का सेवन कर सकते हैं। 

मछली 

आप मछली का सेवन भी कर सकते हैं। समुद्री मछली जैसे- सामन, टूना, हलिबूट, झींगा जैसी मछलियां खा सकते हैं। 

सब्जियां 

सब्जियों का सेवन भी आप कर सकते हैं। उच्च प्रोटीन वाली सब्जियां आप खा सकते हैं। 

फल 

आप फलों में जामुन, केला, संतरा, अमरुद जैसे फल डाइट में शामिल कर सकते हैं। 

बीज 

इसके अलावा आप  क्विनोआ, चिया बीज, सूरजमुखी के बीजों का सेवन कर सकते हैं। 

डेयरी उत्पाद

आप डेयरी उत्पादों का सेवन भी कर सकते हैं। जैसे -दूध, पनीर, दही जैसे प्रोडक्ट्स डाइट में शामिल कर सकते हैं। 

इन फूड्स से करें परहेज

थायराइड ते रोगियों को ज्यादा प्रोसेस्ड खाने से बचना चाहिए। प्रोसेस्ड खाने में कैलोरिज की मात्रा बहुत ज्यादा पाई जाती है। अधिक कैलोरी आपके लिए हानिकारक हो सकती है। 

जंक फूड 

जंक फूड का सेवन भी आपको नहीं करना चाहिए। इसके अलावा अधिक प्रोसेस्ड फूड जैसे हॉट डॉग, केक, कुकीज भी नही खानी चाहिए। प्रोसेस्ड फूड में सोडियम की मात्रा बहुत ज्यादा पाई जाती है। अत्यधिक मात्रा में इसका सेवन करने से थायराइड के रोगियों पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है। 

ग्लूटेन फूड 

थायराइड के रोगियों को ग्लूटेन का सेवन भी कम करना चाहिए। ग्लूटेन से बने फूड जैसे गेंहू, जौ और राई भी नहीं खानी चाहिए। 

ब्रोकली और फूलगोभी 

थायराइड के मरीजों को कच्ची या फिर आधीपकी हरे पत्तेदार सब्जियां भी नहीं खानी चाहिए। इनमें एंटीथायराइड और गोइट्रोजेनिक गुण होते हैं,  जो थायराइड रोगियों के लिए हानिकारक हो सकते हैं। 

मीठा

आपको ज्यादा चीनी का सेवन भी नहीं करना चाहिए। चीनी आपकी पाचन क्रिया को प्रभावित कर सकती है। इससे आपका वजन भी बढ़ सकता है। इसके अलावा चीनी आपकी थायराइड ग्रंथि के स्तर को भी अनियंत्रित कर सकती है। 

सोयाबीन 

सोयाबीन या सोया युक्त पदार्थों का सेवन भी आपको नहीं करना चाहिए। यह भी थायराइड के जोखिम को बढ़ा सकते हैं। सोयाबीन में पाया जाने वाला फाइटोएस्ट्रोजन थायराइड हार्मोन का निर्माण करने वाले एंजाइम के कार्य करने की प्रक्रिया को भी प्रभावित कर सकता है। 


 

Content Writer

palak