सर्दियों में बीमारियों से बचाए रखेंगे तिल के लड्डू, जान लें बनाने का तरीका

punjabkesari.in Sunday, Nov 01, 2020 - 10:37 AM (IST)

सर्दियों का मौसम शुरू हो चुका है। ऐसे में खासतौर पर शुरूआती सर्दी में सर्दी-जुकाम, खांसी व बुखार की चपेट में जल्दी आने का खतरा रहता है। इससे बचने के लिए इम्यूनिटी स्ट्रांग होना बेहद जरूरी है। ऐसे में अपनी डाइट का खास चीजों को शामिल करने की जरूरत होती है। इस मौसम में तिल और गुड़ का सेवन करना बहुत ही फायदेमंद माना जाता है। इससे मौसमी बीमारियों से बचाव रहने के साथ दिल व हड्डियां भी मजबूती मिलती है। तो चलिए आज हम आपको तिल के लड्डू खाने से मिलने वाले लाजवाब फायदों के बारे में बताते हैं। मगर उससे पहले जानते हैं इसे बनाने की आसान-सी रेसिपी...

सामग्री:

तिल- 60 ग्राम
देसी घी- आवश्यकतानुसार
गुड़- 150 ग्राम
पानी- 1/2 कप

विधि

1. सबसे पहले एक पैन में घी गर्म कर उसमें तिल को सुनहरा होने तक भूनें।
2. अब अलग पैन में पानी गर्म कर उसमें गुड़ पिघलाएं।
3. गुड़ पिघलने के बाद उसमें तिल डालकर अच्छे से मिलाएं।
4. तैयार मिश्रण को थोड़ा ठंडा करें।
5. अब हाथों पर थोड़ा घी लगाकर मिश्रण को गोल आकार देकर छोटे-छोटे लड्डू तैयार करें।
6. लीजिए आपके तिल के लड्डू बनकर तैयार है।

तो चलिए अब जानते हैं इससे मिलने वाले फायदों के बारे में...

 

दिल रखे स्वस्थ 

पोषक तत्वों से भरपूर तिल के लड्डू दिल को स्वस्थ रखने में फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद अनसैचुरेटेड फैट शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल को कम कर गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ाने में मदद करते हैं। ऐसे में हार्ट अटैक व दिल से जुड़ी अन्य बीमारियों के होने का खतरा कम रहता है। 

खून की कमी करे दूर 

गुड़ आयरन का मुख्य स्त्रोत पाना जाता है। ऐसे में इससे तैयार लड्डू का सेवन करने से खून की कमी पूरी होने के साथ थकान व कमजोरी दूर होने में मदद मिलती है। 

इम्यूनिटी बढ़ाए

रोजाना 1-2 तिल के लड्डू का सेवन करने से इम्यूनिटी लेवल बढ़ने में मदद मिलती है। ऐसे में इंफेक्शन होने का खतरा कम होता है। तिल में जिंक, विटामिन, कॉपर, एंटी-ऑक्सीडेंट्स आदि गुण होने से शरीर को पोषण मिलता है। साथ ही बीमारियों से बचाव रहता है। 

मजबूत मांसपेशियां व हड्डियां

कैल्शियम, प्रोटीन, आयरन से भरपूर इस लड्डू का सेवन करने से मांसपेशियों व हड्डियों को मजबूती मिलती है। साथ ही थकान, कमजोरी आदि की परेशानी से राहत मिलती है। आप इसे नाश्ते में या सोने से पहले गर्म दूध के साथ खा सकते हैं। 

सूजन हटाए

अक्सर सर्दियों के मौसम में शरीर में सूजन होने लगती है। कई बार असहनीय दर्द का भी सामना करना पड़ता है। ऐसे में तिल के लड्डू का सेवन करने से सूजन व दर्द से छुटकारा मिलता है। 

Content Writer

neetu