वजन कम करने से लेकर पाचन स्वस्थ रखने तक, जानें गर्मियों में आम खाने के फायदे

punjabkesari.in Sunday, Apr 14, 2024 - 04:53 PM (IST)

गर्मियों के मौसम ने दस्तक दे दी है। इस मौसम में ऐसे कई फल आते हैं जो स्वाद होने के साथ-साथ सेहत के लिए भी बेहद लाभकारी माने जाते हैं। उन्हीं फलों में से एक है आम, स्वाद में मीठा आम सेहत के लिए भी बेहद लाभकारी माना जाता है। गर्मियों में इसका सेवन करने से शरीर को ढेरों फायदे मिलते हैं। आम में सोडियम, पौटेशियम, आयरन और विटामिन-सी भरपूर मात्रा में पाया जाता है। इसका सेवन करने से शरीर की इम्यूनिटी भी मजबूत होती है और थकान दूर होती है इसके अलावा आम खाने से लंबे समय तक पेट भरा हुआ रहता है। तो चलिए आपको बताते हैं गर्मियों में इसे खाने के अन्य फायदे।

दिल रहेगा स्वस्थ 

आम में मैग्नीशियम, एंटीऑक्सीडेंट्स, पौटेशियम जैसे गुण पाए जाते हैं। यह पोषक तत्व दिल को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। इसका सेवन करने से दिल संबंधी बीमारियों का खतरा कम होता है। 

वजन होगा कम 

यदि आप वजन कम करना चाहते हैं तो आम का सेवन कर सकते हैं। सीमित मात्रा में इसे खाने से वजन कम होगा। इसमें पाया जाने वाला फाइबर पेट को लंबे समय तक भरकर रखता है। ऐसे में आम खाने के बाद भूख नहीं लगती और वजन कम करने में भी मदद मिलती है।  

डायबिटीज रहेगी कंट्रोल 

डायबिटीज के रोगियों के लिए भी आम बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। यह ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल करने में मदद करता है। इसमें पाया जाने वाला एंथोसाइनिडिन्स नाम का एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होता है जो डायबिटीज कंट्रोल करने में मदद करता है।

इम्यूनिटी बनेगी मजबूत 

आम विटामिन-सी का भी बहुत अच्छा स्त्रोत माना जाता है। इसका सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत बनाने में मदद मिलती है। मजबूत इम्यूनिटी से बीमारियों का खतरा कम होता है। 

पाचन रहेगा स्वस्थ 

इसमें पाया जाने वाला फाइबर पाचन को भी बेहतर बनाने में मदद करता है। इसमें मौजूद एंजाइम पाचन शक्ति बढ़ाते हैं। यदि आप नियमित रुप से आम खाते हैं आपका पाचन बिल्कुल स्वस्थ रहता है। 

कैंसर का जोखिम होगा कम 

आम में कुछ ऐसे पॉलीफेनोल्स पाए जाते हैं जो ऑक्सीडेटिव तनाव से लड़ने में मदद करते हैं। आम खाने से कोलन, फेफड़े, प्रोस्टेट, स्तन के कैंसर का जोखिम कम होता है।  

आंखे रहेगी स्वस्थ 

यह आंखों के लिए फायदेमंद माना जाता है। इसमें विटामिन-ए काफी अच्छी मात्रा में मौजूद होता है। ऐसे में आम खाने से आंखों की रोशनी बढ़ाने में भी मदद मिलती है।

Content Writer

palak