गर्मियों में रोजाना खाएं 1 चम्मच गुलकंद, जानें इसे बनाने की रेसिपी और बेमिसाल फायदे

punjabkesari.in Sunday, Apr 10, 2022 - 03:30 PM (IST)

गर्मियों में हर किसी का मन ठंडी चीजें खाने का करता है। इससे शरीर में ठंडक मिलने के साथ पाचन भी दुरुस्त होने में मदद मिलती है। ऐसे में आज हम आपको गुलकंद खाने के बारे में बताते हैं। इसे आमतौर पर माउथ फ्रेशनर के रूप में खाना पसंद करते हैं। मगर यह सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। आप चाहे तो इसे आसानी से घर पर ही तैयार कर सकते हैं। चलिए जानते हैं गुलकंद बनाने की रेसिपी व गर्मियों में इसे खाने के कुछ फायदे...

ऐसे बनाएं गुलकंद

गुलकंद बनाने के लिए सबसे पहले गुलाब की ताजी पत्तियों को धो लें। अब कांच का जार और गुलाब की पत्तियों के बराबर चीनी या मिश्री लें। इसके बाद जार में थोड़ी सी चीनी डालें। उसके बाद गुलाब की पंखुड़ियां डालें। इसी तरह सारी चीनी और गुलाब की पत्तियों की लेयर बनाकर दोनों चीजों को अच्छे से मिक्स करें। अब जार को अच्छे से बंद करके धूप में सूखने के लिए रख दें। करीब 12-15 दिनों तक इसे धूप लगने पर आपका होममेड गुलकंद बनकर तैयार होगा। आप इसमें फ्लेवर के लिए इलायची भी डाल सकते हैं।

ऐसे खाएं गुलकंद

आप गुलकंद का शरबत या लस्सी में मिलाकर सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा आप इसका सीधा ही 1 चम्मच खा सकते हैं।

चलिए अब जानते हैं गर्मियों में गुलकंद के फायदे

 

थकान करें दूर

गुलकंद का सेवन करने से थकान, दर्द, मांसपेशियों में दर्द से राहत मिलती है। साथ ही दिनभर तरोताजा महसूस होगा। ऐसे में यह स्वाद के साथ सेहत को बरकरार रखने में मदद करता है।

पेट व हाथों की गर्मी होगी दूर

ज्यादा गर्मी के कारण पेट में जलन, दर्द आदि की समस्या होने लगती है। इससे बचने के लिए आप रोजाना 1 चम्मच गुलकंद का सेवन कर सकते हैं। इससे पेट की गर्मी दूर होने के साथ पाचन से जुड़ी समस्याओं से आराम मिलेगा। इसके अलावा हथेली और तलवों में होने वाली जलन भी शांत होगी।

इम्यूनिटी होगी बूस्ट

रोजाना 1 चम्मच गुलकंद खाने से इम्यूनिटी तेजी से बूस्ट होती है। ऐसे में सर्दी, खांसी, जुकाम व अन्य मौसमी बीमारियों से बचाव रहता है।

मुंह के छालों से आराम

गर्मी बढ़ जाने से कई लोगों को मुंह के छालों की समस्या सताने लगती है। इससे बचने के लिए गुलकंद का सेवन करना बेस्ट ऑप्शन है। इसे मुंह में हुए छालों से आराम मिलता है

पीरियड्स में फायदेमंद

गुलकंद आयरन से भरपूर होता है। इसलिए इसका सेवन करने से लड़कियों को पीरियड्स के दौरान हैवी फ्लो, दर्द, ऐंठन से आराम मिलता है।

बवासीर में फायदेमंद

एक्सपर्ट अनुसार, बवासीर से परेशान लोगों को अपनी डेली डाइट में गुलकंद का सेवन करने चाहिए। इससे उन्हें पाइल्स यानि बवासीर से आराम मिल सकता है।

बॉडी करे डिटॉक्स

गुलकंद पोषक तत्व व एंटी-ऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होता है। इसे खाने से शरीर में जमा गंदगी बाहर निकलने में मदद मिलती है और बीमारियों से बचाव रहता है। ऐसे में आप बॉडी को डिटॉक्स करने के लिए गुलकंद का सेवन कर सकते हैं।

नकसीर फूटने से बचाव

गर्मियों में कई लोगों को नाक से खून बहने की समस्या होने लगती है। इससे बचने के लिए गुलकंद का सेवन करना फायदेमंद माना गया है।

शरीर रहता ठंडा

कई लोगों को गर्मियों दौरान अधिक पसीना आने के साथ उसमें से बदबू आने की परेशानी होती है। ऐसे में अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं तो अपनी डेली डाइट में गुलकंद शामिल करें। इसके सेवन से शरीर को ठंडक का एहसास होता है। ऐसे में पसीना व इससे बदबू आने की परेशानी कम होती है।

 

Content Writer

neetu