सेहत और ब्यूटी के लिए वरदान है Avacado, जानिए खाने से लेकर लगाने तक के 10 फायदे

punjabkesari.in Monday, Mar 18, 2019 - 06:17 PM (IST)

नाशपाती के समान दिखने वाला एवोकाडो एक ऐसा नायाब फल है जिसमें पोषक तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं। इसमें फैटी एसिड बहुत ज्यादा मात्रा में होता है साथ ही कोलेस्ट्राल का लेवल भी कम होता है। ज्यादातर लोग समझते हैं कि यह सब्जी है लेकिन यह फल की श्रेणी में आता है। इस फल में प्रोटीन, रेशे, नियासिन, थाइमिन, राइबोफ्लेविन, फोलिक एसिड और जिंक जैसे तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। एवोकाडो में काफी मात्रा में कैलोरी पाई जाती है, जो दिल के रोगों से हमें बचाती है। इसमें कोलेस्ट्रोल का लेवल बहुत कम होता है। वजन कम करने की सोच रहे हैं तो एवोकाडो आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। 

 

एवोकाडो क्या है?

एवोकाडो नाशपाती के आकार का एक फल है जो आकार में अमूनन बड़ा होता है। इसे केले की तरह कच्चा ही पेड़ से तोड़ लिया जाता है। इसकी ऊपरी परत मोटी होती है जिसकी वजह से इसमें कीड़े नहीं लगते हैं। वैसे तो एवोकाडो की कई किस्में पायी जाती हैं लेकिन इसकी क्रीम वाली किस्में ज्यादा लोकप्रिय हैं। यह अपने अनोखे स्वाद और कई फायदों के लिए जाना जाता है।

 

खाने का तरीका

खाने में एवोकाडो को आमतौर पर कच्चा ही खाया जाता है। इसे छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर काली मिर्च और नमक छिड़क कर सलाद के रूप में भी खाया जा सकता है। कई जगहों पर सैंडविच में भी एवोकाडो का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा बटर या ऑयल के स्थान पर भी एवोकाडो का इस्तेमाल कर अनहेल्दी कैलोरी लेने से बचा जा सकता है। 

 

आइए बताते हैं एवोकाडो खाने से आपको क्या-क्या फायदे मिल सकते हैं-

बालों के लिए वरदान

एवोकाडो में कई तरह के आवश्यक तत्व और विटामिंस होते हैं, जो बालों को लंबा करने में मदद करते है। कई लोगों को रूखे बालों की समस्या रहती है। इससे बचने के लिए अपने बालों पर एवोकाडो लगाएं। इससे बालों को नमी मिलने के साथ-साथ हाइड्रेटेड बने रहते है। प्रदूषण, बालों की सही देखभाल न करना, हीटिंग टूल्स का अधिक इस्तेमाल करने से बाल डैमेज होने लगते है। ऐसे में एवोकाडो काफी फायदेमंद साबित होता है। इस फल में पाए जाने वाले एंटीबैक्टीरियल गुण डैंड्रफ की समस्या को रोकने का भी काम करते हैं। 

 

इंफेक्शन से बचाएं

एवोकाडो को डाइट में शामिल कर आप इंफेक्शन से खुद को बचा सकते हैं। यह स्किन और पेट के इंफेक्शन में काफी कारगर साबित होता है। इससे पेट में कब्ज, डायरिया जैसी परेशानियां जल्दी नहीं होती। इसके अलावा खुजली और रैशिज से बचने के लिए एवोकाडो फायदेमंद होता है।

 

हार्ट को रखें हेल्दी

एवोकाडो में बीटा-सिटोस्टीरॉल पाया जाता है जो कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कम कर दिल को रोगों से दूर रखता है। रोजाना एवोकाडो खाने से एचडीएल कोलेस्ट्रॉल के एंटीएथेरोजेनिक गुण बढ़ते हैं जो दिल को एथेरोस्क्लेरोसिस जैसी गंभीर बीमारी से दूर रखता है। इस फल में मौजूद पोटैशियम हाइपरटेंशन से लड़ता है और बल्ड सेल्स और आर्टरी के तनाव को कम करता है। इससे हॉर्ट अटैक और स्ट्रोक होने का खतरा कम होता है।

 

लीवर को मजबूत बनाए

एवोकाडो लीवर को डैमेज होने से बचाता है। इसमें कुछ ऐसे ऑर्गेनिक यौगिक पाए जाते हैं जो लीवर को स्वस्थ और मजबूत बनाने में मदद करते हैं। एक रिसर्च में पाया गया है कि एवोकाडो कई तरह की बीमारियों से लीवर को बचाता है और इसे मजबूत बनाता है।

 

सांसो की बदबू दूर करें

अगर आप सांसों की बदबू से परेशान है तो एवोकाडो आपकी परेशानी दूर कर सकता है। यह पेट की गड़बड़ को सही करता है जिससे मुंह की बदबू दूर हो जाती है और एवोकाडो में मौजूद एंटीबैक्टीरियल और एंटीऑक्सीडेंट फ्लेनॉयड मुंह के बैक्टीरिया को मारने में सहायक होता है। इसके अलावा एवोकैडो मुंह के कैंसर से भी हमें बचाता है।

 

स्किन के लिए फायदेमंद

एवोकाडो में मौजूद तत्व हेल्दी स्किन के लिए बहुत जरूरी होता है। यह ड्राई और डैमेज स्किन को कोमल बनाता है। एवोकाडो में विटामिन और पोषक तत्व मौजूद होने के कारण कॉस्मेटिक पदार्थों में भी इसका इस्तेमाल किया जाता है, जिससे त्वचा पर निखार आता है। एवोकाडो में बीटा कैरोटिन और लाइकोपिन जैसे दो ऑर्गेनिक यौगिक बहुत अधिक मात्रा में पाए जाते हैं जो सेहत को ठीक रखने के साथ ही स्किन को टोन करते हैं और बढ़ती उम्र के असर को रोकते हैं।

 

धूप से स्किन को बचाएं

सूरज की यू.वी किरणों से बचने के लिए आप एवोकाडो सनस्क्रीन लोशन का इस्तेमाल कर सकती है। यह लोशन आपकी स्किन को यू.वी किरणों से बचाता है और साथ ही टेनिंग को भी कम करता है।  इसमें मौजूद पोषक तत्व सूरज की किरणों से बचाने में मदद करते हैं।

 

आंखों के लिए फायदेमंद

इसका सेवन आंखों को स्वस्थ रखने में मदद करता है। इसमें ल्यूटिन और जियाजैन्थीन नामक कैरोटीनॉयड मौजूद होते हैं जो आंखों को मोतियाबिंद और उम्र बढ़ने के साथ होने वाली आंखों की बीमारियों से बचाते हैं। आंखों के ज्यादातर रोग आंखों के ऊतकों में फ्री रेडिकल के जमा हो जाने के कारण होते हैं। एवोकाडो में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और कैरोटीनॉयड आंखों में फ्री रेडिकल के खतरे को कम करता है और आंखों को स्वस्थ रखता है।

 

खाना पचाने में मददगार

एवोकाडो इंटेस्टाइन के काम को आसान बनाता है और इससे खाना आसानी से पच जाता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को बेहतर बनाता है। इससे गैस्ट्रिक और डाइजेस्टिव जूस को आसानी से स्टीमूलेट किया जाता हैं जिससे शरीर पोषक तत्वों को आसानी से सोख पाता है। 

 

अर्थराइटिस के इलाज में फायदेमंद 

एवोकाडो में एंटी इंफ्लैमेटरी गुण पाया जाता है जो अर्थराइटिस के इलाज में काफी उपयोगी है। इसके अलावा इसमें फाइटोकेमिकल, फ्लैनॉयड, कैरोटिनॉयड, फाइटोस्टीरॉल, फैटी एल्कोहॉल और ओमेगा-3 फैटी एसिड पाया जाता है जो पैर के जोड़ों और मसल्स के सूजन को कम करता है और अर्थराइटिस से बचाता है। पूरी दुनिया में लोग अर्थराइटिस से बचने के लिए एवोकाडो का सेवन करते हैं और स्वस्थ रहते हैं।

 

Content Writer

Anjali Rajput