पोते-बहू के इंटरव्यू ने हिलाया शाही परिवार लेकिन अभी तक चुप्पी साधे हुए Queen Elizabeth

punjabkesari.in Tuesday, Mar 09, 2021 - 12:26 PM (IST)

शाही परिवार, शाही लोग और उनका शाही अंदाज... जिसके बारे में एक आम इंसान यही सोचता है कि इन लोगों के तो मजे ही मजे हैं...सबको शाही जो मिलता है लेकिन ब्रिटिश परिवार के छोटे प्रिंस हैरी और उनकी बीवी मेगन मार्केल ने जो खुलासे किए हैं उसे सुनकर आप हैरान भी होंगे और सोचेंगे भी कि ऐसा भी होता है...

दरअसल, प्रिंस हैरी और मेगन मार्कल ने हाल ही में ओपरा विनफ्रे को इंटरव्यू दिया। उनके इंटरव्यू के बाद शाही राजघराने के ऊपर आरोपों का बवाल भूचाल ले आया है।

बेटे के रंग को लेकर शाही परिवार ने उठाए सवाल

मेगन ने इंटरव्यू में कहा, 'शाही परिवार में होने के बावजूद वह अकेला महसूस करती थीं। राज परिवार को उनके बेटे के रंग से परेशानी थी जब उनका बेटा पैदा हुआ। बेटे के रंग को लेकर राज परिवार के सभी लोग चिंतित थे। हालांकि मेगन ने सदस्यों के नाम लेने से सख्ती से मना कर दिया। इसी के साथ ब्रिटिश मीडिया की नेगेटिव कवरेज पर भी मेगन ने इंटरव्यू में बात की और केट मिडलटन संग अफवाहों पर भी खुलासा किया।' 

मेगन को आते थे सुसाइड के ख्याल

उन्होंने कहा, 'जीवन में एक दौर ऐसा भी आ गया था, जब वो पूरी तरह टूट चुकी थी और उनके मन में आत्महत्या करने के ख्याल आने लगे थे।' मेगन ने कहा, 'प्रिंस हैरी से शादी के बाद वह लगातार ब्रिटिश मीडिया के निशाने पर रहने लगीं। सोशल मीडिया पर लोग मुझे गोल्ड डिगर कहने लगे थे। साथ ही काफी तरह के आपत्तिजनक बातें मेरे बारे में की जाती थी।'

प्रिंस हैरी ने कहा,  'मैं समझ नहीं पा रहा था क्या करना चाहिये या कैसे मदद की जाये पर मैं उनके लिए खड़ा रहना चाहता था।'

हालांकि इंटरव्यू में मेगन और प्रिंस हैरी ने महारानी के लिए सिर्फ अच्छी बातें ही कहीं हैं। मेगन ने बताया कि महारानी एलिजाबेथ का व्यवहार उनके साथ काफी अच्छा था। उनके पहले प्रेस टूर पर महारानी ने मेगन के साथ कंबल भी शेयर किया था। प्रिंस हैरी ने भी अपनी दादी के साथ अच्छे रिश्तों का दावा किया और कहा कि वह उनका बहुत सम्मान करते हैं। हैरी ने ओपरा के सामने यह भी साफ किया कि आर्ची के रंग को लेकर चर्चा रानी ने नहीं की थी।  

प्रेग्नेंसी में बुरे दौर ने गुरजी मेगन- प्रिंस हैरी

वहीं इस दौरान प्रिंस हैरी ने कहा कि उन्हें अपनी पत्नि और खुद पर गर्व है। जब वह प्रेगनेंट थी तो काफी बुरे दौर से गुजर रही थी। मेगन का कहना है कि शाही परिवार पर विश्वास करना उनकी सबसे बड़ी गलती थी। शाही परिवार ने उन्हें हमेशा सुरक्षित रखने का वादा किया था जो कभी पूरा नहीं किया गया।

रानी एलिजाबेथ ने नहीं दी कोई प्रतिक्रिया

द टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पर बकिंघम पैलेस बयान तैयार कर रहा है। अभी रानी एलिजाबेथ की कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। उन्होंने अभी इस बारे में और सोच-विचार करने का फैसला किया है और वह प्रतिक्रिया जारी करने में जल्दबाजी नहीं कर रही हैं।

द टेलिग्राफ की रिपोर्ट के मुताबिक, शाही स्टाफ ने मेगन-हैरी का इंटरव्यू देखा और शाही परिवार के साथ ब्रीफिंग तैयार की। यह भी तय हुआ कि हर चीज को महारानी, प्रिंस चार्ल्स और प्रिंस विलियम के बीच कोऑर्डिनेट किया जाएगा। महारानी ने खुद भी प्रिंस चार्ल्स और प्रिंस विलियम से बातचीत की है।

बोरिस जॉनसन ने प्रतिक्रिया देने से किया इनकार

इस पर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन ने प्रतिक्रिया देने से इनकार कर दिया है। वहीं अमेरिकी वाइट हाउस ने मानसिक स्थिति पर खुलकर बात करने के लिए मेगन की तारीफ की है और  हिलैरी क्लिंटन ने ब्रिटिश मीडिया पर मेगन के साथ क्रूरता का आरोप लगाया है।

शाही परिवार छोड़ चुके प्रिंस हैरी-मेगन मर्केल

आपको बता दें कुछ दिनों पहले प्रिंस हैरी और उनकी पत्नी मेगन मर्केल ने फैसला किया था कि वे शाही परिवार के सदस्य के तौर पर वापसी नहीं करेंगे। उन्होंने महारानी एलिजाबेथ द्वितीय को अपने इस फैसले के बारे में बता दिया है। वहीं बकिंघम पैलेस में भी इस बात की घोषणा  कर दी गई थी। 

अब इस पर शाही परिवार का क्या बयां आता है इसका इंतजार सभी को है।

Content Writer

Vandana