सिद्धू मूसेवाला के घर आ रही है खुशियां, इकलौते बेटे को खोने के बाद फिर बच्चे को जन्म देगी सिंगर की मां

punjabkesari.in Tuesday, Feb 27, 2024 - 12:36 PM (IST)

मशहूर पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को भला कौन भूल सकता है। अपने गानों से लाखों दिलों में राज करने वाले सिंगर की मौत का गम लोग भूला नहीं पाए हैं। आज भी इस बात पर यकीन कर पाना मुश्किल है कि वह अब इस दुनिया से बहुत दूर चले गए हैं। अपने इकलौते बेटे को खाेने के बाद सिद्धू मूसेवाला के माता- पिता की जिंदगी में एक बार फिर खुशियां आने वाली है। सिंगर की मां जल्द ही बच्चे को जन्म देने जा रही है।


सिद्धू मूसेवाला के माता- पिता लंबे समय से अपने बेटे के लिए इंसाफ मांग रहे हैं। बेटे की मौत के बाद जैसे उनकी जिंदगी रुक सी गई थी, उनका कहना था कि अब वह किसके लिए जिएंगे। हालांकि अब भगवान ने उनकी सुन ली है, मूसेवाला की मां चरणकौर सिंह अगले महीने बच्चे को जन्म देने वाली हैं। मूसेवाला के ताऊ चमकौर सिंह ने खुद ये गुड न्यूज शेयर की है।


बताया जा रहा है कि चरणकौर सिंह इन विट्रो फर्टिलाइजेशन (IVF) तकनीक के जरिए मां बनी हैं। हालांकि उनके माता-पिता ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। वहीं यह खबर सामने आने के बाद सिद्धू मूसेवाला के फैंस का खुशी का ठिकाना नहीं रहा।  याद हो कि  29 मई 2022 को  अज्ञात बदमाशों ने  दिनदहाड़े सिंगर को गोली मारकर उन्हें मौत की नींद सुला दिया था। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी गैंगस्टर लॉरेंश बिश्नोई और उसके दोस्त गोल्डी बराड़ ने ली थी।

बेटे की मौत के बाद बलकौर सिंह और चरणकौर सिंह बुरी तरह से टूट गए थे। याद हो कि मूसेवाला के पिता ने खुलासा किया था कि जिस दिन उनके बेटे की मौत हुई थी वह मां से टीका लगवाए बिना ही घर से निकले थे। वरना वह हमेशा मां के हाथों से टीका लगवाकर निकला करते थे। सिंगर के पिता ने बताया था कि उस दिन सिंगर की मां घर पर नहीं थीं, वह रिश्तेदार के यहां गई हुई थीं।

Content Writer

vasudha