International Women''s Day: गूगल का महिलाओं को सम्मान, महिला दिवस पर बनाया खास डूडल

punjabkesari.in Monday, Mar 08, 2021 - 01:41 PM (IST)

महिलाओं के लिए आज का दिन बेहद खास है। आज पूरी दुनिया में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मनाया जा रहा है। इस मौके पर महिलाओं के लिए एक तरफ एप्स लॉन्च किए जा रहे हैं तो वहीं दूसरी ओर गूगल के डूडल ने भी महिलाओं के प्रति सम्मान को दर्शाया है। गूगल डूडल हमेशा से ही खास मौके पर बदला जाता है। आज अंतराष्ट्रीय महिला दिवस पर भी डूडल बेहद खास लग रहा है। 

शेयर किया खास वीडियो 

गूगल ने यूट्यूब पर इसका एक वीडियो भी शेयर किया है। जिसमें हर एक क्षेत्र की महिला के काम को दिखाया गया है। गूगल द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में महिलाओं के हाथ दिखाएं गए हैं जो अपने-अपने क्षेत्र में काम कर रही हैं जैसे कि पहली महिला वैज्ञानिक, डॉक्टर, अंतरिक्ष यात्री, इंजीनियर, कार्यकर्ता, कलाकार आदि रही हैं। 

शेयर किया खास नोट 

इसके साथ ही गूगल ने महिला दिवस पर बनाए डूडल के नोट में कहा, 'आज अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर डूडल उन महिलाओं के इतिहास की झलक लिए हुए है जिन्होंने सभी चुनौतियों से पार पाते हुए प्रगति की अग्रदूत बनकर शिक्षा, नागरिक अधिकारों, विज्ञान, कला और अनेक क्षेत्रों में बेहतर भविष्य के लिए अपने काम के द्वारा मार्ग प्रशस्त किया।'

इसलिए खास है डूडल 

गूगल का डूडल इसलिए खास है क्योंकि आज के दिन और इस खास मौके पर गूगल ने उन महिलाओं के योगदान को याद किया है जिन्होंने इतिहास रचा है। साथ ही वो महिलाएं जिन्होंने बाकी महिलाओं के लिए एक नई राह बनाई है और शिक्षा, नागरिक अधिकारों, विज्ञान, कला और अनेक क्षेत्रों के बेहतर भविष्य की राह बनाई है। बता दें कि गूगल ने अपना डूडल Women First की थीम पर बनाया है साथ ही इस डूडल वीडियो में महिलाओं के एकसाथ हाथ उठाकर आगे बढ़ने की बात करता है।

गूगल के इस डूडल को महिलाएं पसंद भी कर रही हैं। वाकई इस डूडल ने सच्चाई को दिखाया है कि आज कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं है जिसमें महिलाएं आगे न आई हो। आसमान से लेकर हर उस काम में महिलाओं ने ऐसा परचम लहराया है कि पूरी दुनिया ने उनके काम को माना है। गूगल के डूडल वीडियो को काफी पसंद भी किया जा रहा है। 

Content Writer

Janvi Bithal