झीलों के शहर उदयपुर जाकर लें कुदरत के हसीन नजारों का मजा

punjabkesari.in Monday, Jul 29, 2019 - 07:08 PM (IST)

उदयपुर, राजस्थान राज्य का एक मशहूर पर्यटन स्थल है। इसे झीलों का शहर भी कहा जाता है। चारों ओर सुंदर अरावली पहाड़ियों से घिरा यह शहर प्राकृतिक सौंदर्य, मंदिरों और मन को लुभाने वाले दृश्यों के लिए फेमस है। चारों तरफ पानी से घिरा उदयपुर यहां आने वाले सभी पर्यटकों की यात्रा को यादगार बना देता है। अगर आप भी छुट्टियों में उदयपुर जाने का प्लान बना रहे हैं तो आज हम आपके लिए वहां के कुछ खास पर्यटक स्थलों की सूची लेकर आएं हैं, जिसकी मदद से आपको उदयपुर घूमने और वहां की खूबसूरत जगहों के बारे में दूसरों से पूछने की जरुरत नहीं पड़ेगी।

झीलों का शहर उदयपुर

उदयपुर शहर को ‘झीलों के शहर’ के रूप में जाना जाता है। इस शहर में लगभग 10 से अधिक झीलें हैं। पिछोला झील इस शहर का प्रमुख झील आकर्षण है। पिछोला झील की निकट एक बहुत ही खूबसूरत हवेली स्थित है, जो अपने कांच के वर्क से सभी पर्यटकों को लुभाती है।

बागोर की हवेली

बागोर की हवेली पिछोला झील के पास ही स्थित है। यह हवेली  मेवाड़ की संस्कृति को प्रस्तुत करती है। यहां जाने पर आपको राजपूतों द्वारा पुराने जमाने में इस्तेमाल किए जाने वाले आभूषण बक्से, हाथ के पंखे, तांबे के बर्तन देखने को मिलेंगे। इस हवेली में 100 से अधिक कमरे हैं। उदयपुर की यात्रा करने जा रहे हैं तो राजपूतों की इस हवेली को देखना न भूलें। इस हवेली में आए दिन कोई न कोइ कलचरल प्रोग्राम आयोजित होता रहता है।

सहेलियों की बारी

सहेलियों की बारी उदयपुर की एक मशहूर हवेली है जिसे वहां के राजा संग्राम सिंह ने अपनी रानी के लिए बनवाया था। राजा ने स्वयं इस बगीचे को डिजाइन किया था। राजा की रानी यहां पर अपनी 48 सहेलियों के साथ आराम और हंसी-ठठेलियां करती थी।शहर की भीड़ भाड़ से दूर यह हवेली आपको राजा-रानियों के किस्से याद दिलवाएगी। 

विंटेज कार संग्रहालय

विंटेज कार संग्रहालय उदयपुर के खास दर्शनीय स्थलों में से एक है। यह एक म्यूजियम है जिसका निर्माण हाल ही में 20 वीं शताब्दी की शुरुआत में किया गया है। इस म्यूजियम में रोल्स-रॉयस फैंटम जैसी पुरानी कारों का संग्रह किया गया है। अगर आप भी पुरानी कारें देखने के शौकान हैं तो आपके लिए उदयपुर का विंटेज कार संग्रहालय एक बेस्ट ऑपशन रहेगा।

लेक पैलेस

लेक पैलेस उदयपुर का एक प्रमुख पर्यटन स्थल है जिसका इस्तेमाल वहां के लोग विवाह शादी में भी करते हैं। लेक पैलेस लेक पिछोला झील के कोने पर स्थित है जिसका निर्माण प्रसिद्ध राजा जगत सिंह ने करवाया था। राजा को झील किनारे बैठ कर संगीत सुनना बेहद पसंद था। ऐसे में उन्होंने इस सुंदर पैलेस का निर्माण करवाया। इस पैलेस को बॉलीवुड मूवीज में भी बहुत बार दर्शाया जा चुका है।

सागर झील

उदयपुर में सबसे ज्यादा घूमी जाने वाली जगहों में से एक सागर झील है। अपनी सुंदरता से पर्यटकों को मोहित करती यह झील लगभग एक वर्ग किलोमीटर तक फैली हुई है। बोट में बैठकर झील का नजारा करीब से देखने में अपना ही मजा है। बच्चों के मनोरंजन के लिए इस झील के पास एक चिड़िया घर भी बनाया गया है। सागर झील शहर की खास झीलों में से एक होने की वजह से यहां पर्यटकों की काफी भीड़ रहती है। इस जगह पर कप्लस आकर बोटिंग करना बेहद पसंद करते हैं।

Content Writer

Harpreet