एक सिक्के की वजह से गिरफ्तार हुई महिला, बचपन में मिली चीज बनी मुसीबत

punjabkesari.in Saturday, Nov 07, 2020 - 05:37 PM (IST)

आज के समय में भी पुराने सिक्कों का मोल कम नहीं हुआ है। बाजारों में पुराने सिक्कों को बेचने पर अच्छी खासी रकम मिल जाती है। मिट्टी की खुदाई करते समय या फिर बागबानी करते वक्त अगर कभी हमें कोई पुराना सिक्का मिल जाता है तो हम खुश हो जाते हैं क्योंकि बदलते समय के साथ उसकी कीमत बढ़ती जाती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि अगर वही सिक्का आपको मुसीबत में डाल दे तो...जी हां, ऐसा ही एक मामला इंगलेंड से सामने आया है। जहां एक छोटी बच्ची को मिले 700 साल पुराने सिक्के ने उसे सलाखों के पीछे भेज दिया।

मिट्टी में दबा हुआ मिला था सिक्का 

जब ये घटना घटी उस समय केट हार्डिंग 9 साल की थीं। वह खाली समय में अपनी मां के साथ बागबानी किया करती थी। एक दिन बागबानी के लिए मिट्टी तैयार करते हुए केट को मिट्टी में एक सिक्का दबा हुआ दिखाई दिया। उसने सिक्के को सामान्य समझते हुए अपनी जेब में रख लिया। सिक्के को साधारण समझने के कारण इस बारे में केट ने अपनी मां को भी नहीं बताया और एक कैबिनेट में इसे रखकर भूल गई। आज इस घटना को 14 साल गुजर चुके हैं। केट अब बड़ी हो गई है। यूनिवर्सिटी में दाखिला मिलने के बाद केट अपनी पैकिंग कर रही थीं, तभी उन्हें वो सिक्का दिखाई दिया। सिक्के को देखने के बाद केट को अपनी मां की याद आई जो सिक्के के मिलने के कुछ महीनों बाद ही दुनिया को अलविदा कह गई थीं। 

700 साल पुराना सिक्का

केट ने सिक्के के बारे में जानने के लिए उसे अच्छे से साफ किया और स्थानीय म्यूजियम में गईं। तभी किसी जानकार ने उन्हें बताया कि यह कोई साधारण सिक्का नहीं है। कुछ लोगों ने तो इसे लेकर करोड़ों के खजाने की तरफ इशारा किया। केट यह जान चुकी थी कि उसके पास जो मौजूद सिक्का एक 'पीडफोर्ट' है। यह सिक्के जैसा ही पर एक मोटी रचना होती है। इस सिक्के का इस्तेमाल पुराने इंग्लैड की सरकारों में प्रशासनिक अधिकारियों व टकसाल कर्मियों की पहचान के लिए किया जाता था। केट को जब यह पता चला कि सिक्का 700 साल पुराना है तो वह हैरान रह गई। जिसके बाद उस सिक्के को केट एक विशेषज्ञ के पास ले गई जहां इसका दाम 3000 डॉलर बताया गया। लेकिन तभी उन्हें अपनी मां की याद आ गई और उन्होंने सिक्के को बेचने से इंकार कर दिया। 

ट्रेजर एक्ट का उल्लंघन 

केट के इस फैसले पर उन्हें चेताया भी गया कि वो इसे अपने पास नहीं रख सकतीं। इस तकह की चीजों का निजी कलेक्शन गैरकानूनी है। इतिहासकार चाहते थे सिक्के को म्यूजियम में रखा जाए जहां लोग उसे देख सकें। मगर, मुसीबत अभी खत्म नहीं हुई थी। केट के घर पुलिस ने दस्तक दी और उसे बताया कि उन्होंने 1996 के ट्रेजर एक्ट का उल्लंघन किया है। इस एक्ट के तहत कोई खजाना मिलने पर उसकी रिपोर्ट करवानी जरूरी होती है। केट के आस-पड़ोस ने उन्हें बचाने की कई कोशिशें की लेकिन पुलिस ने केट को गिरफ्तार कर लिया। केट को 3 महीने की सजा सुनाई गई थी।

सिक्के पर 3000 डॉलर का इनाम

केट के करीबियों ने उनके लिए वकील किया जिसने कोर्ट में इस बात को साबित किया कि 9 साल की उम्र में केट को सिक्का मिला था। अगर देखा जाए तो यह अपराध एक बच्ची से हुआ था, जिसे सजा नहीं दी जा सकती। वकील के इन बातों को साबित करने के बाद कोर्ट ने 30 डॉलर का जुर्माना लगाकर केट को छोड़ दिया। हालांकि कोर्ट ने साथ में यह भी कहा कि वह उस सिक्के को अपने पास नहीं रख सकती। सबसे बड़ा झटका तब लगा जब केट ने घर पहुंचकर बताया कि उसने यह सिक्का खो दिया है। केट ने कहा कि इन सारी मुसिबतों के बीच उन्हें याद नहीं कि सिक्के को उन्होंने कहां रखा था। लेकिन अभी भी स्थानीय लोगों का मानना है कि सिक्क केट के पास ही है। वहीं म्यूजियम ने भी इश्तिहार दिया हुआ है कि जो भी सिक्के ढूंढेगा उसे 3000 डॉलर का इनाम दिया जायेगा।

Content Writer

Bhawna sharma