असली फूलों को छोड़ो शादी के लिए बनवाओ हैंडमेड क्रोशिया वरमाला, जानिए नए ट्रेंड के बारे में
punjabkesari.in Wednesday, Dec 17, 2025 - 04:20 PM (IST)
नारी डेस्क: इस शादी के सीज़न में कपल्स कुछ अलग और खास करने के लिए क्रोशिया वरमाला (Crochet Varmala) को खुशी-खुशी अपना रहे हैं। फूलों की पारंपरिक वरमाला से हटकर यह नया ट्रेंड स्टाइल, टिकाऊपन और यादों का खूबसूरत मेल है। ये वरमालाएं समय के साथ फीकी नहीं पड़तीं। वे हमेशा के लिए यादगार बन जाती हैं, शादी के जश्न खत्म होने के बहुत बाद भी शादी के दिन की भावनाओं को ज़िंदा रखती हैं।

क्रोशिया वरमाला क्या है?
क्रोशिया वरमाला हाथ से बुनी गई होती है, जिसमें ऊन/कॉटन थ्रेड से फूल, पत्तियां या मोती जैसे डिज़ाइन बनाए जाते हैं। यह देखने में बेहद एलिगेंट होती है और फूलों जैसी ही लगती है। क्रोशिया वरमाला की कीमत डिज़ाइन और बेचने वाले के आधार पर 1,000 रुपये से 15,000 रुपये प्रति माला तक हो सकती है। एक जोड़ी बनाने में दो से पांच दिन लग सकते हैं।

क्यों इस वरमाला को पसंद कर रहे कपल्स?
इन वरमालाओं को फूलों के प्रकार, कलर पैलेट, जोड़े गए चार्म्स या शुरुआती अक्षर और दूसरी सजावट चुनकर पर्सनलाइज़ किया जा सकता है। ट्यूलिप और गुलाब से लेकर ऑर्किड तक, कपल्स अपनी पसंद के क्रोशिया के फूल चुन सकते हैं। इसकी खास बात यह है कि ये ताज़े फूलों की तरह मुरझाती नहीं, सालों तक यादगार रहती है। इसे आउटफिट, थीम और पसंद के रंगों में बनवाई जा सकती है

फैशन + भावना
कई कपल्स शादी के बाद इस वरमाला को होम डेकोर में इस्तेमाल कर रहे हैं। मेमोरी बॉक्स या फ्रेम करवा रहे हैं और सालगिरह जैसे खास मौकों पर इसे फिर से इस्तेमाल किया जा सकता है। क्रोशे वरमाला सिर्फ एक ट्रेंड नहीं, बल्कि प्यार को हमेशा के लिए सहेज लेने का तरीका बन रही है।

