FSSAI ने जारी की विटामिन-ए फूड्स गाइडलाइन, इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए खाएं ये 6 आहार

punjabkesari.in Monday, Aug 17, 2020 - 12:16 PM (IST)

कोरोना वायरस का कहर कम होने का नाम नहीं ले रहा है। हालांकि भारत में आयुष मंत्रालय और FSSAI द्वारा लोगों को खान-पान जुड़ी गाइडलाइन दी जा रही है, ताकि वह इस बीमारी से बचे रहें। हाल ही में FSSAI (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) ने विटामिन A को लेकर गाइडलाइन जारी की है, जो इम्युनिटी बढ़ाने में काफी मददगार हैं।

इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए विटामिन-ए

FSSAI ने विटामिन-ए फूड्स को डाइट में लेने को कहा है। उन्हों ट्वीट के जरिए कहा, "इम्यूनिटी को बेहतर बनाने के लिए प्लांट बेस्ड फूड विटामिन-ए खाएं।" इसके साथ ही उन्होंने इम्युनिटी बूस्टर फूड्स के नाम भी बताए।

क्यों जरूरी विटामिन-A?

विटामिन-ए में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो इम्युनिटी को बढ़ाते हैं। यह 2 तरह के होते हैं, रेटिनॉल और कैरोटीन। विटामिन ए आंखों के अलावा त्वचा, नाखून, बाल, ग्रंथि, दांत, मसूड़ों और हड्डियों के लिए भी जरूरी है। साथ ही इससे शरीर में कैल्शियम का स्तर भी सही रहता है।

चलिए अब आपको बताते हैं विटामिन ए की कमी पूरी करने वाले आहार...

पपीता

विटामिन ए के अलावा इसमें पोटेशियम, एंटीऑक्सिडेंट और फाइबर भी होता है। इससे शरीर के विषाक्त पदार्थों निकल जाते हैं और पाचन क्रिया सुचारु रूप से काम करती है। साथ ही यह इम्युनिटी बढ़ाने में भी कारगार है।

टमाटर

यह विटामिन ए के अलावा ग्लूटाथियोन नामक तत्व से भरपूर होता है, जो कैंसर जैसी बीमारियों से बचाता है। इसके अलावा इसमें विटामिन C, K, आयरन, फोलेट, पोटेशियम जैसे पोषक तत्व भी होते हैं, जो आपको स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।

आम

आम का सेवन खून में लिपिड स्तर को समान्य रखता है। साथ ही इससे कोलेस्ट्रॉल लेवल भी सही रहता है। ऐसे में आप भी अपनी डाइट में आम को जरूर शामिल करें। आप इसका शेक या चटनी बनाकर भी खा सकते हैं।

हरी पत्तेदार सब्जियां

एंटीऑक्सिडेंट से भरपूर हरी पत्तेदार सब्जियां सिर्फ इम्युनिटी बढ़ाने ही नहीं बल्कि अन्य बीमारियों से बचाने में भी मददगार है। साथ ही इससे उच्च रक्तचाप नियंत्रित रहता है और आंखों की रोशनी भी बढ़ती है।

शकरकंद

शकरकंद बीटा-कैरोटीन का महत्वपूर्ण स्रोत है। साथ ही इसमें विटामिन-ए भी भरपूर होता है, जो इम्युनिटी बढ़ाने में फायदेमंद है।

गाजर

इसमें एंटीऑक्सिडेंट लाइकोपीन होता है जो शरीर के सभी सिस्टम को मजबूत बनाता है। गाजर का सेवन शरीर में खून की कमी भी नहीं होने देता और ब्लड सर्कुलेशन को भी सही रखता है।

अगर आप भी कोरोना महामारी में स्वस्थ रहना चाहते हैं तो अपनी डाइट में विटामिन-ए को जरूर शामिल करें। सेहत से जुड़ी जानकारी के लिए "नारी केसरी" से जुड़े रहें।

Content Writer

Anjali Rajput