बदलते मौसम में इम्यूनिटी बनेगी मजबूत, डाइट में शामिल करें ये 5 Fruits

punjabkesari.in Sunday, Feb 25, 2024 - 10:20 AM (IST)

बदलते मौसम में थोड़ी सी लापरवाही भी स्वास्थ्य पर भारी पड़ जाती है। वैसे तो इन दिनों दिन में काफी तेज धूप निकल रही है जिसके कारण गर्मी लगने लगती है परंतु वहीं इसके विपरित रात में ठंडी हवाएं चल रही हैं जो आपको बीमार भी बना सकती हैं। दिन में हो रही गर्मी देखकर लोगों ने गर्म कपड़े पहनने बंद कर दिए हैं ऐसे में शाम को होने वाली इस ठंड के कारण लोगों को सर्दी-जुकाम और बुखार घेर रहा है। इस मौसम में बीमारियों से शरीर को बचाने के लिए इम्यूनिटी मजबूत होनी जरुरी है। आज आपको इस आर्टिकल के जरिए 5 ऐसे फल बताते हैं जो आपकी इम्यूनिटी मजबूत बनाएंगे। आइए जानते हैं इनके बारे में। 

संतरा 

संतरे में विटामिन-सी काफी अच्छी मात्रा में मौजूद होता है ऐसे में यह इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। इसके अलावा इसमें विटामिन-ए, पोटैशियम और फाइबर भी मौजूद होता है जो शरीर के लिए लाभकारी माना जाता है। रोजाना संतरे का सेवन करने से इम्यून सिस्टम मजबूत बनता है और शरीर को इंफेक्शन से लड़ने में मदद मिलती है। 

अनार 

अनार में विटामिन-सी, विटामिन-ई, विटामिन-ए और एंटीऑक्सीडेंट्स अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करता है। इसके अलावा अनार में आयरन, मैग्नीशियम और पोटेशियम भी पाया जाता है जो शरीर में हीमोग्लोबिन का स्तर बढ़ाने और ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में मदद करता है। 

कीवी 

इसमें विटामिन-सी पाया जाता है जिसका सेवन बदलते मौसम में करना फायदेमंद माना जाता है। कीवी में कई तरह के विटामिन्स और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं जो शरीर का इम्यून सिस्टम मजबूत बनाने में मदद करते हैं। कीवी में फाइबर, पौटेशियम और फोलेट पाया जाता है जो स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है।

आंवला 

आंवला में विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स की मात्रा ज्यादा होती है ऐसे में इसका नियमित तौर पर सेवन करने से संक्रमण से लड़ने में मदद मिलती है। आंवला का सेवन करने से इम्यून सिस्टम मजबूत बनता है। आंवला में फाइबर और अन्य पोषक तत्व भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं जो शरीर के लिए फायदेमंद होते हैं। 

अंगूर 

अंगूर विटामिन-सी, विटामिन के और कैल्शियम का अच्छा स्त्रोत माना जाता है। यह शरीर को किसी भी तरह के इंफेक्शन से बचाने में मदद करता है। अंगूर में कई तरह के एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जो इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद करते हैं। 

Content Writer

palak