तुलसी ही नहीं, ये पौधे भी माने जाते हैं घर के लिए शुभ

punjabkesari.in Thursday, Dec 05, 2019 - 01:21 PM (IST)

वास्तु के अनुसार पौधे हमारे आसपास की एनर्जी को पॉजिटिव बनाए रखने में मदद करते हैं। लीजिए कुछ ऐसे पौधों के नाम जो आपके जीवन में पैसा और पॉजिटिव एनर्जी लाएंगे। वास्तु के अनुसार घर में पौधे हमेशा सही दिशा और बेहतरीन देखभाल के साथ लगाने चाहिए। तभी आप इनसे अपने जीवन में खुशियां ला सकते हैं।

इंडोर प्लांट्स के लिए सही दिशा

सभी बड़े पौधे और झाड़ीदार पेड़ घर की south-west यानि दक्षिण-पश्चिम दिशा में रखने चाहिए। इन्हें घर के अंदर रखने की बजाए अगर गार्डन एरिया में रखा जाए तो कहीं बेहतर होगा। गार्डन एरिया में ये पौधे रखने से घर में स्थिरता और घरवालों को जीवन में तरक्की मिलती है।

इसी के साथ पीपल और केले का पेड़ घर में लगाने से उतना महत्व नहीं मिलता जितना इसे मंदिर में जाकर इसकी पूजा करने से फल प्राप्त होता है। कुछ पेड़ ऐसे भी हैं जहां छोटे-छोटे कीड़े और उल्लू जैसे पक्षी आकर बैठते हैं। ऐसे में ऐसे पेड़ घर में लगाने से बुरी आत्माओं का घर में प्रवेश हो सकता है।

 

अब बात करते हैं भला कौन-कौन से पेड़ घर में लगाना शुभ रहेगा साथ ही इन्हें लगाने की सही दिशा...

नारियल, देवदार और नींबू का पेड़

ये पेड़ जहां सेहत के लिहाज से घर में लगाने अच्छे माने जाते हैं वहीं यह आपके आसपास के माहौल को भी शुभ बनाने में मदद करते हैं। वास्तु शास्त्रों में नींबू का पेड़ वास्तु दोष दूर करने के माध्यम से सबसे बेहतरीन माना जाता है।

पवित्र तुलसी का पौधा

तुलसी का पौधा बहुत तरीके से घर और आपके जीवन के लिए शुभ माना जाता है। तुलसी के पौधे में एक मजबूत आध्यात्मिक ऊर्जा होती है, जिससे घर में सकारात्मक एनर्जी का वास होता है। वास्तु के मुताबिक तुलसी का पौधा घर के पूर्व या उत्तर-पूर्व दिशा में लगाना चाहिए। किसी भी पौधे का सूखना या जलना घर में नकारात्मक एनर्जी लेकर आता है, साथ ही सूखे और जले पत्ते मौत जैसी विपत्ति का भी कारण बनते हैं। ऐसे में पौधे लगाते वक्त इनकी संभाल का खास ध्यान रखें।

कैक्टस, बोनसाई और अन्य कांटेदार पौधे

गुलाब का पौधा छोड़ इनमें से किसी भी कांटेदार पौधे को घर में रखना सही नहीं माना जाता। यह पौधे नेगेटिव एनर्जी के अलावा घर में और कुछ नहीं लाते। इन्हें घर में लगाने से घरवालों के बीच आपसी मतभेद की संभावना बनी रहती है।

बांस का पौधा

मान्यता है कि बांस का पौधा अच्छी किस्मत लाता है और बुरी शक्तियों से घरवालों की रक्षा करने में मदद करता है। बांस का पौधा घर की दक्षिण-पूर्व दिशा में रखने से जीवन में मान-सम्मान में वृद्धि होती है। सेहत के लिहाज से भी बांस का पौधा काफी शुभ माना जाता है, वास्तु के मुताबिक जिस घर में बुजुर्ग ज्यादा बीमार रहते हैं, उस घर में बांस का पौधा जरुर लगवाएं।

चमेली का पौधा

वास्तु के अनुसार चमेली का पौधा चिंता को कम करने के लिए जाना जाता है। इसकी मीठी सुगंध आपके जीवन को हमेशा तरोताजा बनाए रखती है। यह पौधा ज्यादातर गर्मियों में अपनी खास महक छोड़ता है।

 

तो ये थे वास्तु के हिसाब से कुछ खास वास्तु टिप्स, जिन्हें अपनाकर आप अपने जीवन की तमाम छोटी से लेकर बड़ी परेशानी दूर कर सकते हैं। 
 

Content Writer

Harpreet