खट्टे और मीठे अंगूर में नहीं लगता फर्क पता तो आजमाकर देखें ये Tricks

punjabkesari.in Thursday, Feb 15, 2024 - 01:27 PM (IST)

ताजे और मीठे अंगूर स्वादिष्ट होने के साथ-साथ स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होते हैं। लाल, हरे और काले ये तीन तरह के अंगूर बाजार में आसानी से मिलते हैं। वैसे तो हर किसी को मीठे अंगूर ही अच्छे लगते हैं लेकिन बाजार में जाकर जब हम घर अंगूर खरीदकर लाते हैं तो पता चलता है कि यह स्वाद में खट्टे हैं। ऐसे में आज आपको अंगूर खरीदने के कुछ ऐसे टिप्स बताते हैं जो शायद आपको किसी दुकानदार ने भी नहीं बताए होंगे। इन टिप्स को आजमाकर आप खट्टे और मीठे अंगूर में आसानी से फर्क देख पाएंगे। 

रंग देखें 

अंगूर पका हुआ है या नहीं इसे देखने के लिए अंगूर का रंग देखें। लाल अंगूर तभी खरीदें जब यह गहरे बैंगनी रंग का हो। वहीं काले अंगूर तब खरीदें जब यह गहरे नीले रंग के हो। हरा अंगूर हल्का पीला रंग देखने के बाद खरीदें। इस तरह अंगूर खरीदने से यह स्वाद में मीठे लगेंगे। 

 आकार देखें 

अंगूर कई आकार में आते हैं कुछ छोटे होते हैं तो कुछ बड़े। वहीं कुछ लंबे होते हैं तो कुछ गोल। इन सभी अंगूरों में जिसका आकार लंबा होगा वही खरीदें। मीठे अंगूर की यही पहचान है कि यह आकार में लंबे होते हैं। लंबे और पतले आकार वाले अंगूर खट्टे भी नहीं होते। यह स्वाद में मीठे और टेस्टी लगते हैं।

तना देखकर खरीदें 

स्वस्थ और फ्रेश अंगूर का तना हरा और लचीला होता है। लेकिन यदि अंगूर का तना भूरे रंग का है तो उसे न खरीदें क्योंकि ऐसे अंगूर जल्दी खराब हो सकते हैं। 

किस तरह साफ करें अंगूर 

अंगूर को जल्दी पकाने और उनकी ग्रोथ करने के लिए कई तरह के कैमिकल इस्तेमाल होते हैं। ऐसे में अंगूर खाने से पहले इनकी सफाई जरुर करें। अंगूर साफ करने के लिए एक बाउल में गुनगुना पानी लें और फिर इसमें चम्मच बेकिंग सोडा और 1/2 कप सिरका डालकर मिलाएं। अब इस घोल में अंगूर को डुबोकर 15 मिनट के लिए रख दें। तय समय के बाद इन्हें धोकर सर्व करें। 

कैसे स्टोर करें? 

अंगूर जिस भी डिब्बे और कंटेनर में रखे हैं यह ध्यान रखें कि उसमें नमी या पानी न हो नहीं तो अंगूर जल्दी सड़ सकते हैं। अंगूर को खराब होने से बचाने के लिए पानी में धोकर अंगूर को स्टोर न करें। यदि आपको अंगूर को धोना है तो खाने से पहले धोकर ही खाएं। 


 

Content Writer

palak