डिलीवरी के बाद महिलाएं अपनाएं ये नुस्खे, जल्द मिलेगा कमर दर्द से आराम!

punjabkesari.in Monday, Jan 11, 2021 - 03:13 PM (IST)

डिलीवरी के बाद का हर समय भी एक औरत के लिए बेहद खास होता है। असल में, तब उसके हाथ में उसकी नन्ही जान होती है। मगर बात सेहत की करें तो इस दौरान महिलाओं को वजन बढ़ने के साथ कमर दर्द की समस्या रहती है। इसके पीछे का कारण हार्मोनल बदलाव हो सकता है। ऐसे में अगर आप भी नई मां बनी है और कमर दर्द से परेशान है तो आज हम आपको कुछ घरेलू उपाय बताते हैं। इसकी मदद से आप अपनी इस समस्या से जल्दी ही आराम पा जाएगी। 

डिलीवरी के बार कमर दर्द होने के कारण...

. प्रेग्नेसी में गर्भाशय का आकार बड़ा होना 
. मांसपेशियां खिंचाव महसूस होना
. डिलीवरी के बाद शरीर के ढीला पड़ने के कारण

तो चलिए जानते हैं कमर दर्द से छुटकारा पाने के कुछ उपाय...

 

दूध पिएं

जैसे कि सभी जानते हैं कि कैल्शियम की कमी के कारण कमर व जोड़ों आदि में दर्द होता है। ऐसे में इसकी कमी को पूरा करने के लिए दिन में 2 बार दूध पीएं। आप चाहे तो इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुणों से भरपूर हल्दी भी मिला सकते हैं। मगर इसके लिए अपने डॉक्टर से पहले संपर्क कर लें। दूध पीने से हड्डियों व मांसपेशियों में मजबूती आएगी। ऐसे में कमर व शरीर के अन्य हिस्सों में होने वाले दर्द की समस्या से छुटकारा मिलेगा। 

सिकाई करने से मिलेगा आराम

इस दौरान गर्म कपड़े की सिकाई करने से लाभ मिलेगा। इसके अलावा गुनगुने पानी में 1 छोटा चम्मच नमक मिलाकर नहाने से भी फायदा मिलेगा। इससे जकड़ा हुआ शरीर खुलने के साथ कमर दर्द से आराम मिलेगा। 

मालिश करवाना भी सही

अक्सर लोग पीठ व शरीर के अन्य हिस्सों में दर्द होने पर तेल मालिश करवाते हैं। ऐसे में आप भी इसका सहारा ले सकती है। इसके लिए आप सरसों तेल से मालिश करवा सकती है। अगर आपको ज्यादा दर्द का अहसास हो तो तेल में लहुसन की कुछ कलिया गर्म करके उससे भी मसाज करवाएं। इससे आराम मिलने में मदद मिलेगी। मगर इस बात ध्यान रखें कि मसाज हल्के हाथों से ही करवाएं। 

वजन घटाएं

प्रेग्नेंसी के कारण वजन बढ़ना आम बात है। मगर डिलीवरी के बाद यह बढ़ा हुआ शरीर में दर्द व अन्य परेशानियां होने का कारण बनता है। ऐसे में कोशिश करें कि डिलीवरी के करीब 1 महीने तक अपना वजन कम कर लें। इसके लिए अपनी डेली डाइट में पौष्टिक चीजों को शामिल करें। जंक व मसालेदार भोजन से दूरी बनाकर रखें। साथ ही सोंठ, मेथी, गोंद, गुड़ आदि के लड्डू खाएं। इससे वजन कम होने के साथ कमर दर्द की समस्या से आराम मिलेगा। 

घुटनों के नीचे ​तकिया रखकर सोएं

रात के समय कमर दर्द अधिक होने से नींद ना आने की समस्या होती है। ऐसे  में दिनभर थका-थका महसूस होने के साथ सुस्ती रहती है। इससे छुटकारा पाने के लिए रात को सोने से पहले तकिए को सिर की जगह घुटने और कूल्हे के नीचे रखकर सोएं। इससे दर्द से जल्द ही राहत मिलेगी। 

योगा व सैर करें

माना की कमर दर्द की समस्या में चलना थोड़ा मुश्किलभरा काम है। मगर फिर भी रोजाना 15-20 मिनट की सैर करें। आप चाहे तो आसान से योगा भी कर सकती है। चलते-फिरते रहने से शरीर के सभी अंग बेहतर तरीके से काम करेंगे। ऐसे में कमर दर्द से भी राहत मिलेगी। अगर आपकी नॉर्मल डिलीवरी है तो आप कुछ ही दिनों में सैर कर सकती है। इसके अलावा जिन महिलाओं का ऑप्रेशन हुआ हो वो कुछ हफ्तों के बाद सैर शुरू कर सकती है। 

 


अगर आपको हमारा आर्टिकल अच्छा लगा तो ऐसी और जानकारी पाने के लिए नारी पेज से जुड़े रहिए। 
 

Content Writer

neetu