71 सालों में पहली बार यह महिला अफसर करेगी 'आर्मी डे' परेड का नेतृत्व

punjabkesari.in Thursday, Jan 10, 2019 - 02:03 PM (IST)

हर साल 15 जनवरी के दिन देश के जवानों को सम्मान देने के लिए 'आर्मी डे' मनाया जाता है। साल 1949 में फील्ड मार्शल केएम करियप्पा ने इसी दिन जनरल सर फ्रांसिस बुकर से कमांडर इन चीफ का चार्ज लिया था। इस दिन इंडियन आर्मी के रेजिमेंट की परेड और झांकियां निकाली जाती हैं और इस बार 15 जनवरी, 2019 को देश अपना 71वां आर्मी दिवस मनाने जा रहा है जो गर्व की बात है। आज भारतीय सेना की तुलना अमेरिका, रूस और चीन जैसी शक्तिशाली सेनाओं के साथ होती है।

 

पहली बार महिला अफसर करेंगी आर्मी परेड का नेतृत्व 

इस बार आर्मी डे की सबसे खास बात यह है कि पहली बार कोई महिला आफसर आर्मी परेड का नेतृत्व करेगी जो देश की लड़कियों के लिए गर्व की बात है। इस महिला अफसर का नाम लेफ्टिनेंट भावना कस्तुरी है। 

 

144 जवानों के करेगी लीड

इस दिन लेफ्टिनेंट भावना कस्तुरी इंडियन आर्मी सर्विस कॉर्प्स (ASC) टुकड़ी का नेतृत्व करेंगी। इस टुकड़ी में 144 जवान पुरुष शामिल होंगे। बता दें कि यह पहला मौका है जब कोई महिला सेना की टुकड़ी का नेतृत्व कर रही है, इससे पहले किसी महिला अफसर ने जवानों की टुकड़ी का नेतृत्व नहीं किया है। 

 

इन दो महिला अफसरों के लिए भी यह दिन होगा खास 

यह साल सिर्फ लेफ्टिनेंट भावना कस्तुरी के लिए ही नहीं बल्कि कैप्टेन शिखा सुरभि और कैप्टेन भावना स्याल के लिए भी बहुत खास है। साल 2019 के गणतंत्र दिवस की परेड में मशहूर डेयरडेविल्स टीम के पुरुष अफसरों के साथ पहली बार कैप्टेन शिखा सुरभि बाइक पर स्टंट करते दिखेंगी। आर्मी की डेयरडेविल्स टीम में जगह बनाने वाली वह पहली लेडी अफसर हैं। यह टीम अब तक 24 विश्व रिकॉर्ड बना चुकी है। 


दूसरी तरफ कैप्टन भावना स्याल के लिए भी आर्मी डे खास होगा। वे आर्मी की सिगनल्स कोर से हैं। भावना स्याल ट्रांसपोर्टेबल सैटलाइट टर्मिनल के साथ परेड पर भारतीय सेना की ताकत दिखाएंगी। यह मशीन डिफेंस कम्युनिकेशन नेटवर्क का खास हिस्सा है जो सेना के तीनों दलों को जोड़ने का काम करती है। 

 

Content Writer

Priya verma