कंगना रनौत के बाॅडीगार्ड के खिलाफ FIR दर्ज, शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप

punjabkesari.in Saturday, May 22, 2021 - 10:42 AM (IST)

बाॅलीवुड की बेबाक एक्ट्रेस कंगना रनौत अक्सर अपने बियान या ट्वीट के चलते सुर्खियों में बनीं रहती हैं। मगर, इस बार कंगना नहीं उनसे जुड़ा एक शख्स इन दिनों चर्चा में है। वो शख्स कोई और नहीं बल्कि कंगना का बाॅडीगार्ड कुमार हेगड़े है। कंगना के बाॅडीगार्ड के खिलाफ पुलिस स्टेशन में रेप केस दर्ज किया गया है। 

खबरों के मुताबिक एक्ट्रेस के बाॅडीगार्ड कुमार हेगड़े पर एक 30 साल की ब्यूटीशियन ने आरोप लगाया है कि उसने उन्हें शादी का झांसा देकर उसका रेप किया। दर्ज कराई गई शिकायत में पीड़िता ने बताया कि कुमार हेगड़े ने शादी के लिए प्रपोज किया था। इतना ही नहीं कुमार ने महिला को लिव इन रिलेशनशिप में रहने के लिए भी कहा था जिसके लिए वह यह सोच कर तैयार हो गई थी कि वो उनसे शादी करेगा। 

पीड़िता ने बताया कि उसने फिजिकल रिलेशन बनाने से मना कर दिया तो कुमार हेगड़े ने उन्हें इसके लिए मजबूर किया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि कुमार ने उनसे 50 हजार रुपए उधार लिए थे। उसने कहा था कि उसकी मां की तबीयत खराब है और उसे अपने होमटाउन जाना है। उसके बाद से उससे संपर्क नहीं हो पाया।

एफआईआर के मुताबिक पिछले साल जून में पीड़िता एक फिल्म शूटिंग के दौरान कुमार हेगड़े से मिली थी। पीड़िता की शिकायत पर आईपीसी की धारा 376, 377 और 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस इसकी जांच में जुट गई है। 

Content Writer

Bhawna sharma