लड़की का पेट बढ़ने लगा, पीरियड्स भी हो गए बंद, जांच में सामने आई चौंकाने वाली वजह

punjabkesari.in Saturday, Jan 17, 2026 - 06:25 PM (IST)

 नारी डेस्क: कभी-कभी शरीर में ऐसी समस्या पैदा हो जाती है, जिसे शुरुआत में लोग मामूली समझकर नज़रअंदाज़ कर देते हैं। ऐसा ही एक मामला हाल ही में सामने आया, जब एक युवती का पेट धीरे-धीरे बाहर निकलने लगा और कुछ समय बाद उसके पीरियड्स भी बंद हो गए। इस स्थिति से परिवार बहुत घबरा गया, लेकिन जब डॉक्टरों ने जांच की तो असली वजह सामने आई।

पहले लगा मोटापा है

गायनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर प्रज्ञा गुप्ता ने इंस्टाग्राम पर इस केस के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके पास एक अनमैरिड (अविवाहित) लड़की आई थी, जिसका पेट काफी बाहर निकला हुआ था। शुरुआत में घरवालों को लगा कि यह सिर्फ मोटापे की वजह से हो रहा है, इसलिए उन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 

A post shared by Dr. Pragya Gupta🔸MBBS, MD, DNB, FCG🔸Gynecologist & Obstetrican (@gyneccarewithdrpragya)

समय के साथ बढ़ती गई समस्या

धीरे-धीरे लड़की का पेट और ज्यादा बढ़ने लगा। हालत ऐसी हो गई कि पेट देखकर ऐसा लग रहा था जैसे वह करीब 7 महीने की प्रेग्नेंट हो। इसके साथ ही उसके पीरियड्स भी पूरी तरह बंद हो गए। तब घरवालों ने डॉक्टर को दिखाने का फैसला किया।

जांच में पता चली बड़ी गांठ

डॉक्टरों ने जांच करने पर पाया कि लड़की के गर्भाशय (यूट्रस) में करीब 16 से 17 सेंटीमीटर की बहुत बड़ी गांठ (फाइब्रॉइड) थी। यह गांठ सिर्फ बड़ी ही नहीं थी, बल्कि इसके कुछ हिस्सों में सड़न (इन्फेक्शन/डिजेनेरेशन) भी शुरू हो चुकी थी।

ये भी पढ़ें: ठंड में आपकी आंखों से भी निकल रहा है पानी तो जान लें इसके कारण

कैंसर का शक, लेकिन रिपोर्ट आई नेगेटिव

डॉक्टर प्रज्ञा ने बताया कि इससे पहले जहां-जहां लड़की ने दिखाया था, वहां कैंसर की आशंका भी जताई गई थी। इसलिए पूरी सावधानी के साथ सभी जरूरी जांचें करवाई गईं। राहत की बात यह रही कि कैंसर की रिपोर्ट नेगेटिव आई। इसके बाद एमआरआई और मैपिंग करवाई गई, ताकि गांठ की सही जगह और स्थिति का पता चल सके।

सबसे बड़ा चैलेंज था यूट्रस को बचाना

चूंकि लड़की अभी अविवाहित थी और भविष्य में शादी व मां बनने की योजना हो सकती थी, इसलिए डॉक्टरों के सामने सबसे बड़ी चुनौती थी यूट्रस को सुरक्षित रखते हुए गांठ को निकालना। गांठ इतनी बड़ी थी कि उसने पूरे यूट्रस को घेर लिया था। ऐसे में बिना यूट्रस निकाले सिर्फ फाइब्रॉइड हटाना आसान नहीं था। लेकिन काफी मेहनत और सावधानी के साथ डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन किया।

सफल इलाज, अब लड़की पूरी तरह ठीक

डॉक्टरों ने यूट्रस को सुरक्षित रखते हुए उस बड़े फाइब्रॉइड को निकाल दिया और यूट्रस को दोबारा उसकी सामान्य शेप में ले आए। ऑपरेशन के बाद लड़की की हालत अब पूरी तरह ठीक है और वह सामान्य जीवन जी रही है।

क्या सीख मिलती है?

यह मामला बताता है कि अगर पेट असामान्य रूप से बढ़ रहा हो, पीरियड्स अनियमित या बंद हो जाएं, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर डॉक्टर से सलाह लेने से बड़ी परेशानी से बचा जा सकता है।

डिस्क्लेमर: यह जानकारी सोशल मीडिया पर साझा किए गए डॉक्टर के वीडियो पर आधारित है। किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या में सही सलाह के लिए हमेशा योग्य डॉक्टर से संपर्क करें।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Priya Yadav

Related News

static