फराह खान का IVF ट्रीटमेंट पर छलका दर्द, जानें IVF करवाने की सही उम्र?
punjabkesari.in Thursday, Nov 13, 2025 - 04:31 PM (IST)
नारी डेस्क : बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर और डायरेक्टर फराह खान ने हाल ही में अपनी IVF जर्नी पर चौंकाने वाला खुलासा किया है। टेनिस स्टार सानिया मिर्जा के टॉक शो ‘सर्विंग इट अप विद सानिया’ में फराह ने बताया कि मां बनने का सफर उनके जीवन का सबसे दर्दनाक लेकिन भावनात्मक अनुभव था। उन्होंने कहा कि इस दौरान रोज जांघों और पेट पर इंजेक्शन लगते थे और ठीक से सोना भी मुश्किल हो गया था।
दो IVF फेल, तीसरी बार मिली सफलता
फराह खान ने बताया कि उनके दो IVF पहले ही फेल हो चुके थे। तीसरी बार जब उन्होंने IVF करवाया, तब वह ट्रिपलेट्स (तीन बच्चों) के साथ प्रेग्नेंट हुईं। उन्होंने कहा —उस वक्त सबकुछ तीन गुना मुश्किल था। शरीर पर रैशेज हो गए थे, ब्लैडर पर लगातार दबाव रहता था, और नींद तो जैसे गायब हो गई थी। हर दिन जांघों या पेट पर इंजेक्शन लगते थे। वो वक्त बहुत तकलीफदेह था, लेकिन मैं जानती थी कि इसका अंत खूबसूरत होगा।

क्या है IVF ट्रीटमेंट?
IVF यानी In Vitro Fertilization एक ऐसी प्रक्रिया है जिसमें महिला के अंडाणु (egg) और पुरुष के शुक्राणु (sperm) को लैब में मिलाया जाता है, और फिर निषेचित अंडाणु (fertilized egg) को महिला के गर्भाशय में प्रत्यारोपित किया जाता है। यह तकनीक उन दंपतियों के लिए वरदान है जो नैचुरली कंसीव नहीं कर पाते।
यें भी पढ़ें : रश्मिका मंदाना का फिटनेस सीक्रेट, बिजी शेड्यूल के बावजूद ऐसे रखती हैं खुद को फिट!
IVF करवाने की सही उम्र क्या है?
गाइनेकोलॉजिस्ट डॉक्टर बताती हैं कि IVF के लिए सही उम्र को लेकर लोगों में बहुत भ्रम रहता है। वह कहती हैं —चाहे नैचुरल प्रेग्नेंसी हो या IVF, गर्भधारण की आदर्श उम्र 24 से 30 साल के बीच मानी जाती है। इस उम्र में अंडाणुओं की क्वालिटी सबसे बेहतर होती है और शरीर गर्भधारण के लिए पूरी तरह तैयार रहता है।

35 की उम्र के बाद क्यों घटती है फर्टिलिटी
30 साल के बाद महिलाओं के अंडाणुओं की संख्या और क्वालिटी दोनों घटने लगती हैं। 35 के बाद फर्टिलिटी तेजी से गिरती है और गर्भधारण में कठिनाइयां बढ़ जाती हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, यह असर केवल महिलाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि पुरुषों की फर्टिलिटी भी उम्र के साथ घटती है।
यें भी पढ़ें : महिला की पलकों में मिला कुछ ऐसा कि डॉक्टर भी देख रह गए दंग!
क्या उम्र बढ़ने पर IVF संभव है?
डॉक्टर कहती हैं कि IVF के लिए कोई उम्र सीमा नहीं है। बड़ी उम्र में भी IVF कराया जा सकता है, बस सफलता की संभावना उम्र बढ़ने के साथ कम होती जाती है। ऐसे मामलों में डॉक्टर अक्सर डोनर एग (donor egg) की सलाह देते हैं, जिससे प्रेग्नेंसी की संभावना बढ़ जाती है।

फराह खान ने अपनी IVF जर्नी को याद करते हुए कहा —“मैं चाहती हूं कि महिलाएं अपनी मां बनने की यात्रा को लेकर शर्म या डर महसूस न करें। IVF एक मेडिकल प्रक्रिया है, इसमें कुछ भी गलत नहीं है। यह मां बनने का एक और रास्ता है।” आज फराह तीन बच्चों की मां हैं — दिवा, अन्या और सिज़ा, और वे इस सफर को अपनी सबसे बड़ी ताकत मानती हैं।
IVF ने हजारों दंपतियों को मातृत्व का सुख दिया है। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि सही उम्र, स्वास्थ्य और मानसिक तैयारी IVF की सफलता में अहम भूमिका निभाते हैं। अगर आप भी IVF पर विचार कर रहे हैं, तो किसी अनुभवी गाइनेकोलॉजिस्ट से सलाह जरूर लें।

