Youth Achiever: कश्मीर की इस बेटी पर सभी को नाज, छोटी उम्र में कमाया खूब नाम

punjabkesari.in Tuesday, Jun 06, 2023 - 02:10 PM (IST)

कहा जाता है कि तरक्की हासिल करने के लिए खुद पर विश्वास करना बहुत जरूरी होता है। मेहनत और संघर्ष के रास्ते पर चलकर कोई भी सफलता हासिल कर सकता है। ऐसी ही एक शख्सियत के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं, जिन्होंने बेहद छोटी उम्र में कामयाबी का ताज अपने सिर पर सजा लिया है। 

 

महक भान में है कई खूबियां

हम बात कर रहे हैं महक भान की जिनमें नेशनल खो खो प्लेयर होने के साथ- साथ और भी कई खूबियां हैं। इन दिनों महक का एक वीडियो सामने आय है, जिसमें वह बताती हैं कि उन्होंने अब तक कौन-कौन सी उपलब्धियां हासिल की है। कश्मीर की बेटी बताती है कि आज भी लड़कियाें को आगे बढ़ने से रोका जाता है। उनका कहना है भले ही लोग बातें कुछ भी करें लेकिन लड़के और लड़कियाें के बीच भेदभाव आज भी देखने को मिल रहा है।

कई चुनौतियों  का किया सामना

महक ने सावित्रीबाई फुले का जिक्र करते हुए कहा कि- उन्होंने कई चुनौतियों को पार करते हुए  लड़कियों के लिए 18 स्कूल खोले, तब से लड़कियों की पढ़ाई चलती आ रही है। उन्होंने कहा- हमारे देश ने लीडरशिप महिलाओं को दी जिसमें इंदिरा गांधी का नाम सबसे पहले लिया जाता है। हर जगह महिलाएं आगे बढ़ रही हैं, पर लोग आज भी सोचते हैं कि लड़कियां अकेले कुछ संभाल नहीं सकती।

मां-बाप का मिला भरपूर साथ

कश्मीर की बेटी ने बताया कि उन्होंने अपनी मां से प्रभावित होकर खेल-कूद की तरफ दिलचस्पी दिखाई, और इस सब में उनके पिता ने उनका भरपूर साथ दिया। वह बताती हैं कि इस दौरान उनके मां-बाप को लोगों के कई ताने सुनने को मिले। महक ने कहा- एक गांव से निकलकर नेशनल लेवल तक पहुंचना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है।

लड़कियों को आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित

महक का मानना है कि अगर आप कुछ करने की ठान लें तो कोई आपके कदम नहीं रोक सकता। उन्हाेंने कहा- मैं शुरू से कुछ बड़ा करना चाहती हूं। कश्मीर की बेटी ने कहा कि "मैं फर्क से कहती हूं कि मैं कश्मीरी पंडित हूं, हम कश्मीर से बेहद प्यार करते हैं और यहीं पर रहेंगे। हम चाहते हैं कि सब मिलकर रहें"। महक का कहना है कि लोगों की सोच को बदलने के लिए लड़कियों को आगे आना होगा। 
 

Content Writer

vasudha